-
REPORT BY: MUKESH JAISWAL||AAJNATIONAL NEWS DEASK
वाराणसी। क्रिसमस की खुशियां काशी के हर कोने में दिख रही है। मॉल, बाजार और चर्च के साथ लोगों के घरों को रंग- बिरंगी लाइटों से आकर्षक रूप से सजाया गया है। क्रिसमस की खुशिया चहुंओर छाने लगी हैं। चर्च और मसीही बाहुल्य कॉलोनियां रोशनी में डूब चुके हैं। महागिरजाघर सहित अन्य चर्चों को दुल्हन की तरह सजाया गया है। रंग-बिरंगे विघुत झालरों और प्रभु यीशु के जन्म की आकर्षक झांकियां सजी हैं।वहीं, डोर-टू-डोर प्रभु यीशु की बधाई गीत गूंज रहे हैं। बाजार गुलजार है। स्टैचू के अलावा इलेक्ट्रानिक सैंटा क्लाज व 10 फीट तक के क्रिसमस ट्री की खूब बिक्री हो रही है। मंगलवार को रात से ही सभी चर्चों में प्रभु यीशु के जन्म का उत्सवी रंग देखते बनेगा।महागिरजाघर में रात में 10 बजे से ही आयोजन शुरू हो जाएगा। पूजन अर्चन के साथ ही रात 12 बजे प्रभु यीशु का बालरूप में जन्म की झांकी का ससीही दर्शन करेंगे। उधर, मसीही बाहुल्य कॉलोनियों में भी आकर्षक सजावट व उत्सवी माहौल है। सभी जोर-शोर से क्रिसमस की तैयारी में लगे हैं।सजावट से लेकर दावतों के लिए पकवान बना रहे हैं। सिगरा मिशनरी कंपाउंड के मैदान में मशीही समुदाय के युवाओं ने कैंप फायर का आयोजन किया। क्रिसमस पर आधारित नाटक, नृत्य व कैरोल आदि प्रस्तुतियों से सभी का मनमोह लिया।सेंट पॉल चर्च के पादरी सैम जोशुआ सिंह ने प्रार्थना कराई। लोगों को क्रिसमस उपहार दिया गया। संचालन मरवीन एलियट व अंशिका ह्यूज ने किया। इस मौके पर डॉ. साहिल जॉर्ज लाल, मनीष इमैनुएल, कृतिका फिलिप, अंश सरकार, शिमोन प्रकाश आदि रहे।
लालपुर स्टेडियम में बनेगा बहुमंजिला हॉल
लालपुर स्टेडियम में इंडोर हॉल का निर्माण होगा। इंडोर हॉल हॉकी मैदान के दाहिनी ओर बनेगा। यहां एक तल पर दो हजार दर्शकों को बैठने की क्षमता होगी दूसरे तल पर डेढ़ हजार दर्शक बैठ सकेंगे।खेल विभाग की ओर से वाराणसी जिले का पहला इंडोर हॉल लालपुर के डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में बनाया जाएगा। खेल विभाग से संबंधित प्रस्ताव को निदेशालय की हरी झंडी मिल गई है। इंडोर हॉल हॉकी मैदान के दाहिनी ओर बनेगा। प्रस्तावित इंडोर हॉल आगामी खेल जरूरतों और खेल सुविधाओं को ध्यान में रखकर बनेगा। बहुमंजिला इंडोर हॉल के एक तल पर दो हजार दर्शकों को बैठने की क्षमता होगी दूसरे तल पर डेढ़ हजार दर्शक बैठ सकेंगे। सिगरा स्टेडियम में पहले इंडोर हॉल था, इसके टूटने के बाद जिले में इंडोर खेल बंद हो गए। पांच साल बाद इसकी कवायद शुरू हुई है। जिला ओलंपिक संघ ने तत्कालीन आरएसओ आरपी सिंह के जरिये मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल को प्रस्ताव सौंपा था। जिस पर सीडीओ ने आश्वासन दिया था। अधिकारियों के मुताबिक सर्वे के बाद डिजाइन पर काम शुरू हो गया है। प्रस्तावित स्थल की लेवलिंग के बाद निर्माण शुरू होगा।
भारत माता मंदिर परिसर में दूसरी जगह बनेगा बिजली उपकेंद्र, छह महीने में होगा तैयार
भारत माता मंदिर परिसर में परिसर में ही दूसरी जगह बिजली उपकेंद्र बनेगा। पहले से तय जगह को लेकर विरोध के बाद यह फैसला लिया गया है।रोपवे संचालन के लिए भारत माता मंदिर परिसर में बिजली उपकेंद्र बनाने का रास्ता साफ हो गया है। परिसर में पहले से तय जगह पर विरोध के बाद अब इसी कैंपस में दूसरी जगह पर उपकेंद्र बनाया जा रहा है। सोमवार से इसका काम शुरू हो गया। उपकेंद्र करीब छह महीने में तैयार हो जाएगा। भारत माता मंदिर परिसर में 33/11केवी का नया उपकेंद्र बनाया जाना है। यहां 5-5 एमवीए के दो पावर ट्रांसफॉर्मर भी लगाए जाएंगे। इसी उपकेंद्र से सभी रोपवे स्टेशन को बिजली आपूर्ति दी जाएगी। नवंबर में इसका काम भी शुरू हुआ, लेकिन छात्रों ने इस पर विरोध जताया था। पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के मुख्य अभियंता संदीप कुमार बंसल ने बताया कि रोपवे संचालन के लिए बिजली उपकेंद्र को भारत माता मंदिर परिसर में ही पहले से तय जगह के अलावा दूसरी जगह पर बनाने का फैसला हुआ है। काम शुरू हो गया है।
जिला अस्पताल में डॉक्टरों व पैरामेडिकल स्टाफ ने सी एम एस के खिलाफ खोला मोर्चा
जिला अस्पताल में डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ ने तीन दिन में सीएमएस को हटाने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि सीएमएस को हटाने की कार्रवाई नहीं हुई तो तीन दिन में सामूहिक इस्तीफा देंगे। वाराणसी जिला अस्पताल में डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ ने सीएमएस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को डॉक्टरों ने जिलाधिकारी, अपर निदेशक स्वास्थ्य और सीएमओ से मिलकर मांग पत्र सौंपा। जिस पर 40 डॉक्टरों और 20 से ज्यादा पैरामेडिकल स्टाफ के हस्ताक्षर भी हैं।अपने शिकायतीपत्र में डॉक्टरों ने मनमाने तरीके से अस्पताल में ड्यूटी लगाने, कागज पर डॉक्टरों को नोडल बनाकर खुद ही काम करने का आरोप सीएमएस पर लगाया है। जबरन कारण बताओ नोटिस देने और आए दिन मरीजों और तीमारदारों से दुर्व्यवहार सहित कई अन्य आरोप भी लगाए हैं। वहीं डॉक्टरों के साथ प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ के सचिव डॉ. आरएन सिंह भी साथ रहे। उन्होंने भी स्वास्थ्य मंत्री समेत अन्य अधिकारियों से जिला अस्पताल के सीएमएस के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं डॉक्टरों व पैरामेडिकल स्टाफ ने तीन दिन में सीएमएस को हटाने की मांग की। ऐसा न होने पर सामूहिक इस्तीफा देने की चेतावनी दी है।