- REPORT BY:DIPAK SING||EDITED BY:AAJNATIONAL NEWS
अम्बेडकरनगर।भारतीय जनता पार्टी ने अपने संगठनात्मक चुनाव के तहत जिलाध्यक्ष पद के लिए नामांकन प्रक्रिया शुक्रवार को जिला कार्यालय अटल भवन में संपन्न की।यह प्रक्रिया जिला चुनाव पर्यवेक्षक एवं पूर्व सांसद अष्टभुजा शुक्ला की उपस्थिति में और जिला चुनाव अधिकारी एवं पूर्व जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह द्वारा संचालित की गई।भाजपा अपने संगठन का पुनर्गठन हर तीन वर्ष पर प्राथमिक और सक्रिय सदस्यता अभियान के बाद लोकतांत्रिक तरीके से करती है। बूथ और मंडल स्तर के निर्वाचन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद,अब जिलाध्यक्ष और प्रांतीय परिषद सदस्य पद के लिए नामांकन प्रक्रिया आयोजित की गई।जिलाध्यक्ष पद के दावेदारों ने अपने प्रस्तावक और समर्थकों के साथ नामांकन पत्र प्रस्तुत किए।जिला कार्यालय में समर्थकों की भीड़,गहमागहमी,नारेबाजी और शोर के बीच दावेदारों ने अपना नामांकन पत्र जिला चुनाव अधिकारी को सौंपा। भाजपा की चुनाव नियमावली के अनुसार,वर्तमान जिलाध्यक्ष और निवर्तमान जिलाध्यक्ष का नाम 5 नामों की पैनल में शामिल किया जाता है।जिला चुनाव पर्यवेक्षक अष्टभुजा शुक्ला ने बताया कि भाजपा में संगठनात्मक चुनाव एक पर्व की तरह मनाया जाता है।पार्टी हमेशा आम सहमति के आधार पर निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न कराने का प्रयास करती है।यदि दावेदारों के बीच आम सहमति नहीं बन पाती है तो प्रदेश चुनाव समिति योग्य उम्मीदवार का चयन कर जिलाध्यक्ष के नाम की घोषणा करती है।उन्होंने कहा कि भाजपा में संगठनात्मक निर्णय आम सहमति और अनुशासन के आधार पर होते हैं।भाजपा जिला मीडिया प्रभारी बाल्मीकि उपाध्याय ने बताया कि जिलाध्यक्ष और प्रांतीय परिषद सदस्य पद के लिए कुल 78 दावेदारों ने नामांकन दाखिल किया है।इसमें कई प्रमुख दावेदार शामिल हैं जिनमें निवर्तमान जिलाध्यक्ष डॉ.मिथिलेश त्रिपाठी,कपिल देव वर्मा, डॉ.राना रणधीर सिंह,मनोज मिश्र,डॉ.रजनीश सिंह,विमलेंद्र प्रताप सिंह मोनू,किरण पांडे,सुमन पांडे,दिलीप पटेल देव, बाल्मीकि उपाध्याय,चंद्रिका प्रसाद, रमापति मौर्य,केशव श्रीवास्तव,मनीष सोनी आदि शामिल हैं।चुनाव प्रक्रिया में भाजपा जिलाध्यक्ष के चयन के लिए दावेदारों के नामांकन की जांच के बाद योग्य उम्मीदवारों की सूची तैयार की जाएगी। जिलाध्यक्ष बनने वाले उम्मीदवार संगठन के कार्यक्रमों और गतिविधियों को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी निभाएंगे।भाजपा के इस संगठनात्मक चुनाव को लेकर पार्टी के कार्यकर्ताओं में उत्साह और जोश का माहौल है। नई जिम्मेदारियों को संभालने के लिए दावेदारों के समर्थक भी पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहे हैं।
मंडल अध्यक्षों की सूची को लेकर कार्यकर्ताओं ने लगाया धांधली का आरोप
गुरुवार देर शाम भाजपा ने जिले में मंडल अध्यक्षों की नई सूची जारी की,लेकिन इसके बाद संगठन में हंगामे का माहौल बन गया। कार्यकर्ताओं ने मंडल अध्यक्षों के चयन प्रक्रिया में धांधली और मनमानी का आरोप लगाया।कटेहरी मंडल के कार्यकर्ताओं का कहना है कि लंबे समय बाद क्षेत्र में भाजपा का मजबूत आधार बना था, लेकिन इस बार मंडल अध्यक्ष के चयन में साजिश की गई, जिससे पार्टी की स्थिति कमजोर हो सकती है।कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि जिला चुनाव अधिकारी देवेंद्र सिंह ने अपने रिश्तेदारों और नजदीकी लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए नियमों को ताक पर रखकर फैसले लिए।सूत्रों के अनुसार, जिला चुनाव अधिकारी पर पार्टी मानकों को दरकिनार कर व्यक्तिगत हितों को प्राथमिकता देने का आरोप लगाया जा रहा है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि तीन मंडल अध्यक्ष पार्टी के तय मापदंडों पर खरे नहीं उतरते। यहां तक कि कई सक्रिय और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की उपेक्षा कर नए और बाहरी लोगों को प्रमुख पद दिए गए।इस मामले में पार्टी के एक पूर्व जिलाध्यक्ष समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने जिला चुनाव अधिकारी पर पदों के लिए धन लेने और पक्षपात करने का आरोप लगाया। कार्यकर्ताओं ने बताया कि कैसे मंडल चुनाव अधिकारियों और जिला पदाधिकारियों की सिफारिशों को नजरअंदाज किया गया।इस विवाद से भाजपा की संगठनात्मक छवि को नुकसान पहुंचा है। कार्यकर्ता अब जिला नेतृत्व से मामले की जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
कटका पुलिस ने चोरी के तीन अभियुक्तों को किया गिरफ्तार
थाना कटका पुलिस ने पम्पसेट और पाइप चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। अभियुक्तों की निशानदेही पर चोरी किया गया पम्पसेट,पाइप और ठेला बरामद कर लिया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार तीन और चार जनवरी की रात,थाना कटका क्षेत्र के सैदपुर (भियांव) निवासी रविंद्र प्रसाद यादव के घर के बाहर रखा पम्पसेट और पाइप अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर लिया गया था। शिकायत पर थाना कटका में मुकदमा संख्या 05/2025 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध निरोधक अभियान के तहत थाना कटका पुलिस ने सुशील मिश्रा उर्फ सोनू मिश्रा 35 वर्ष,श्रीकांत पाठक उर्फ टिल्लू 25 वर्ष और गोविंद उर्फ शनि गौड़ 21 वर्ष को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर एक पम्पसेट,पाइप,और ठेला बरामद किया गया।अभियुक्तों का काफी लंबा आपराधिक इतिहास है जिसमें सुशील मिश्रा पर मुकदमा संख्या 145/2024, धारा 115(2), 333, 351(2), 352 बीएनएस, थाना कटका,गोविंद उर्फ शनि गौड़32/2018 धारा 380, 411 भादवि,थाना बसखारी ,99/2015 (धारा 3(25) आर्म्स एक्ट, थाना आलापुर ,231/2020 धारा 380, 411 भादवि,थाना बसखारी 98/2015 धारा 41, 411 भादवि, थाना आलापुर 96/2015 धारा 379, 411 भादवि थाना आलापुर है।सुशील मिश्रा उर्फ सोनू मिश्रा, निवासी ढकवा मजगवा, थाना कटका श्रीकांत पाठक उर्फ टिल्लू,निवासी दुल्हपुर बिलारी,थाना कटका गोविंद उर्फ शनि गौड़,निवासी मथुरा रसूलपुर थाना जलालपुर है।पुलिस ने बताया कि सभी अभियुक्तों को न्यायालय में पेश किया जाएगा और उनके खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।