-
REPORT BY:AJAY SINGH KUSHWAHA || EDITED BY:AAJNATIONAL NEWS DEASK
इटावा।जिले शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में हुई तेज बारिश के कारण अलग-अलग प्रकार की कई समस्याएं उत्पन्न हो गई,जिसके
कारण जल भराव से यातायात और बिजली व्यवस्था प्रभावित होने और मकान ढहने जैसी घटनाएं शामिल हैं।गुरुवार को पहले प्रातः लगभग साढ़े पांच बजे बारिश हुई उसके बाद सांयकाल लगभग उसी समय पर तेज वर्षा फिर शुरू हुई जो देर शाम तक होते रहने की बजह से मैनपुरी अंडर ब्रिज में पानी भर जाने से सैफई मेडिकल कॉलेज के स्टूडेंट्स व टीचर्स की बस फंस गई जिसे बाहर निकालने में पालिका कर्मियों व अधिकारियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी,इस पुल से यातायात रोक दिये जाने के बाद आवागमन का बोझ गुरु तेग बहादुर ओवर ब्रिज पर बढ़ जाने के बाद वाहनों से जाम की इतनी बड़ी समस्या उत्पन्न हो गई जो देर रात तक बनी रही।
दूसरी ओर निचले इलाकों में जल भराव ने लोगों की मुसीबतें बढ़ा दीं। शहर के लाइनपार फ्रेंड्स कॉलोनी पावर हाउस के स्विच चार्ट में पानी भर जाने के कारण कुछ मोहल्लों की बिजली काफी देर तक गुल रही। तेज बारिश से पुराना शहर के छिपैटी मुहल्ला में भाजपा नेता पं. शशि मोहन चौधरी का मकान ढह जाने से उसमें दबकर उनका काफी सामान बर्बाद हो गया।
तेजी से बढ़ती आबादी के साथ शहर के चाहे रोजाना निकलने वाले गंदे पानी की समुचित निकासी की बात हो या बारिश का पानी बहने की बात, दशकों बाद भी इसके स्थाई समाधान के लिए जनप्रतिनिधियों या शासन-प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्य योजना नहीं बनाई जा सकी जिसका सबसे बड़ा खामियाजा लाइनपार क्षेत्र की जनता पिछले कई दशकों से भोग रही है।आज की भारी बरसात से यह इलाका फिर टापू बन गया।यह वही लाइनपार का इलाका है जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री, सांसद,पूर्व सांसद,विधायक,पूर्व विधायक,पूर्व मंत्री व कई नौकरशाहों जैसे वीआईपी लोगों के निवास हैं बावजूद यह इलाका जटिल समस्याओं से जूझता आ रहा है।
शिष्यों ने श्रद्धा भाव से किया गुरुपूजन
आषाढ़ पूर्णिमा को मुड़िया पूनों और गुरु पूर्णिमा के रूप में मनाने की परम्परा सदियों से चली आ रही है,इस वर्ष की गुरु पूर्णिमा
गुरुवार के दिन होने से इसका महत्व और अधिक बढ़ गया।गुरु पूर्णिमा पर गुरुवार को शहर व जनपद भर के विभिन्न आश्रमों व देवस्थलों पर शिष्यों ने अपने-अपने गुरुजनों का श्रद्धा भाव के साथ पूजन करके आशीर्वाद प्राप्त किया और गुरु पूजन का यह सिलसिला देर शाम तक चलता रहा।
शहर के दक्षिणी छोर पर स्थित ऐतिहासिक टिक्सी मंदिर के पास स्थित स्वामी वासुदेव मुनि/पटियाला बाबा से चर्चा करने पर उन्होंने संक्षिप्त में बताया कि आज की गुरु पूर्णिमा जनपदवासियों के लिए इस वज़ह से भी शुभ मानी जा सकती कि इस बार की पूर्णिमा गुरुवार के दिन पड़ी और आज यहां प्रातः साढ़े पांच बजे बरसात होने के बाद फिर पूरे दिन धूप के साथ मौसम खुला रहा और शाम ढलते ही लगभग प्रातः काल के समय पर ही यहां फिर से तेज बारिश शुरु हुई जो देर तक होती रही।
कांग्रेस संगठन सृजन प्रभारियों की चार सदस्यीय टीम करेगी जिले में चार दिवसीय प्रवास
कांग्रेस पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा पूरे प्रदेश में बृहद स्तर पर संगठन सृजन के अभियान को पूर्णता प्रदान की जा रही है।
जिसके तहत संगठन सृजन प्रभारियों की चार सदस्यीय टीम जनपद में चार दिवसीय प्रवास करेगी।इस टीम में पार्टी के वरिष्ठ नेता सुमन तिवारी,राहुल सचान, उषा रानी कोरी एवं विकास अवस्थी शामिल होंगे,इन चार संगठन सृजन प्रभारियों के निर्देशन में 15 जुलाई तक मंडलम गठन का लक्ष्य पूर्ण किया जाना है। समस्त प्रदेश में कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्षों की घोषणा हो चुकी है अब ब्लॉक अध्यक्ष और प्रभारी पदाधिकारीयों के सहयोग से मंडलम गठन का लक्ष्य पूरा किया जाना है। इसी लक्ष्य को पूर्ण करने के लिए उक्त प्रभारी जनपद में चार दिनों का प्रवास करते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ जनों पदाधिकारियों जनपद के दोनों कोऑर्डिनेटर जिला अध्यक्ष एवं ब्लॉक अध्यक्षों के साथ गंभीर चिंतन-मनन करके मंडलम गठन के साथ साथ नगर पंचायत कमेटियों एवं बूथ कमेटियों के गठन को तीव्रता प्रदान की जाएगी।
जसबंतनगर में निकाली गई खटखटा बाबा की पालकी यात्रा
गुरु पूर्णिमा के पर्व पर कस्बा में तालाब किनारे स्थित ब्रह्मलीन संत खटखटा बाबा की पवित्र कुटी परिसर से भव्य पालकी यात्रा
निकाली गई।गुरु पूर्णिमा पर यहां कुटी परिसर में प्रातः काल से ही श्रद्धालुओं की भीड़ आना शुरू हो गई थी वहां खटखटा बाबा एवं उनके एकमात्र शिष्य ब्रह्म प्रसिद्ध नाथ की प्रतिमाओं के समक्ष दंडवत प्रणाम करने को श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ था,तभी लगभग एक घंटे तक हुई भारी बारिश के कारण पूजा-अर्चना में व्यवधान हुआ।
लगभग 10 बजे वहां से बाबा की पालकी यात्रा बैंड बाजों के साथ प्रारंभ हुई जो कस्बा के होम गंज बाजार,नगर पालिका कार्यालय,बड़ा चौराहा, पालिका बाजार,सदर बाजार, छोटा चौराहा,पंसारी बाजार, लोहा मंडी,जैन बाजार,कटरा बिल्लोचियान होते हुए बिलैया मठ स्थित शिवालय पर पहुंची इसके उपरांत फक्कड़पुरा,कटरा पुख्ता,कटरा बुलाकी दास में जगह-जगह बाबा पालकी की आरती उतारी गई,जगह-जगह भक्तों ने पुष्प वर्षा की। कस्बा में भ्रमण के दौरान अनेक स्थानों पर पालकी यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का भी स्वागत किया गया। यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं पुरुष एवं बच्चे शामिल रहे। पालकी यात्रा में महंत मोहन गिरी,चुन्नू चौरसिया,प्यारेलाल, अवनीश गुप्ता,बिल्लू यादव, गोपाल गुप्ता सहित अनेक भक्त गण शामिल रहे।
कांग्रेस ने घोषित किए सभी 8 ब्लॉक अध्यक्ष
कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व के निर्देशन में संगठन सृजन हेतु बृहद स्तर पर चलाए जा रहे अभियान के तहत इटावा जनपद में ज़िले
स्तर एवं नगर स्तर पर नई कार्यकारिणियों के पदाधिकारीयों का चयन होने के बाद सभी ब्लॉक स्तर पर अध्यक्षों का चुनाव संपन्न हुआ।जनपद के सभी 8 विकासखंडों पर कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्षों के चुनाव की प्रक्रिया पूर्ण करते हुए उनके नामों की सूची जारी की गई। जिसमें कुशल पाल सिंह यादव को सैफई ब्लाक अध्यक्ष, महेंद्र सिंह राजपूत को बसरेहर,कुलदीप तिवारी को ताखा,सिद्धनाथ यादव को जसवंतनगर,रणवीर सिंह यादव को भरथना,प्रदीप दोहरे को महेवा,राजकुमार सिंह परिहार को चकरनगर एवं महेश कटारे को विकास खंड बढ़पुरा क्षेत्र का अध्यक्ष घोषित किया गया है।
नवनियुक्त ब्लाक अध्यक्षगणों को जिलाध्यक्ष आशुतोष दीक्षित, शहर अध्यक्ष,पूर्व जिलाध्यक्ष मलखान सिंह यादव,पूर्व शहर अध्यक्ष पल्लव दुबे,कोमल सिंह कुशवाहा,संजय दोहरे,आर.बी सिंह पाल,वाचस्पति द्विवेदी अनूप सिंह परमार,प्रेरणा ज़ुबैरी, मुकेश यादव,विष्णु कांत मिश्रा, अंबुज त्रिपाठी,रामजीवन कुशवाहा,मोहनलाल प्रजापति, प्रभूदयाल शाक्य,सतीश शाक्य , आसिफ जादरान,अंशुल यादव, शोजैब रिजवी,सुधीर शर्मा, अमित अग्निहोत्री,सौरभ श्रीवास्तव,अतुल भदौरिया, सरला जाटव आदि कांग्रेस जनों बधाई दी।
भाजपा ने किया गुरुजन सम्मान समारोह का आयोजन
शहर के सनातन धर्म इंटर कॉलेज में भाजपा जिलाध्यक्ष अरुण कुमार अन्नू गुप्ता की अध्यक्षता व महामंत्री प्रशांत राव चौबे के
संयोजन में ‘गुरुजन सम्मान समारोह’ का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में सदर विधायक सरिता भदौरिया व जिलाध्यक्ष अन्नू गुप्ता सहित अन्य पार्टी पदाधिकारियों द्वारा गुरुजनों व कवियों को शॉल उड़ाकर व प्रतीक चिन्ह भेंट कर स्वागत सम्मान किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सदर विधायक सरिता भदौरिया ने कहा कि गुरु पूर्णिमा हिंदू धर्म का प्रमुख पर्व है, जिसे हर साल आषाढ़ मास की पूर्णिमा तिथि पर मनाया जाता है।कहा कि हम सभी के जीवन में गुरु का विशेष स्थान होता है। इन्हीं के जरिए व्यक्ति जीवन जीने की कला और लक्ष्यों को पूरा करने का मार्गदर्शन पाता है। जिलाध्यक्ष अन्नू गुप्ता ने कहा गुरु की कृपा से ही शिष्य अज्ञान से आत्मबोध और अंधकार से प्रकाश की ओर बढ़ता है। गुरु शिष्य को संस्कार,सेवा और सत्य से जोड़कर उच्चतम आदर्शों का मार्ग दिखाते हैं। सम्मान समारोह को पूर्व विधायक सावित्री कठेरिया व के के राज,पूर्व जिलाध्यक्ष रामकुमार चौधरी, अजय धाकरे,रमेश राजपूत, बबुआ ठाकुर आदि ने सम्बोधित किया।
समारोह में सनातन धर्म इंटर कॉलेज के प्रिंसिपल संजय शर्मा,महेश चंद्र तिवारी,कविगण कमलेश शर्मा,बबुआ ठाकुर, गौरव पाठक,जितेंद्र त्रिपाठी, आचार्य महेश तिवारी,ओपी गुप्ता,राजीव गोयल,एस एस दुबे, शिवकुमार राजपूत,रमेश चंद्र राजपूत,उमा माहेश्वरी,अनूप जाटव,मनोज गुप्ता,सतीश चंद्र दीक्षित ‘अनपढ़’,अवनीश त्रिपाठी,मंजुल चतुर्वेदी,स्वीटी मथुरिया,इक़बाल अहमद, नइमूल हसन,शैली चौहान,प्रभा पाल,करिश्मा,रामविलास शाहू, प्रीति कुशवाहा,विनय वर्मा,देश दीपक तिवारी आदि को सम्मानित किया गया।
