सरोजनीनगर:बनी में नाली सफाई का ढोंग,बारिश ने खोली सफाई कर्मियों की पोल,क्लिक करें और भी खबरें

  • REPORT BY:A.S.CHAUHAN || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS

लखनऊ:बंथरा क्षेत्र में ग्राम सभा बनी के निवासियों ने सफाई कर्मियों की लापरवाही और गैर-जिम्मेदाराना रवैये को लेकर गहरी नाराजगी जताई है। ग्रामीणों का आरोप है कि नाली की सफाई के नाम पर महज खानापूर्ति की जा रही है, जिसके चलते नालियां बार-बार गंदगी की चपेट में आ रही हैं। हाल ही में हुई बारिश ने सफाई कर्मियों की इस लापरवाही को पूरी तरह उजागर कर दिया है।ग्राम सभा बनी में देवेंद्र सिंह की तरफ बनी नाली की सफाई हाल ही में सफाई कर्मी द्वारा की गई थी। लेकिन सफाई के बाद निकाला गया कचरा नाली के ठीक बगल में ही छोड़ दिया गया। इसके बाद हुई बारिश ने इस कचरे को फिर से नाली में बहा दिया, जिसके चलते सफाई का कोई लाभ नहीं हुआ। न केवल नाली फिर से गंदगी से भर गई, बल्कि यह कचरा सड़कों पर भी फैल गया, जिससे ग्रामीणों को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामवासियों का कहना है कि यह समस्या सिर्फ एक नाली तक सीमित नहीं है। गांव की अन्य नालियों की सफाई में भी यही रवैया अपनाया जाता है। सफाई कर्मी नालियों से कचरा निकालकर उसे पास में ही डाल देते हैं, जो बारिश या हवा के कारण दोबारा नाली में चला जाता है। इससे नालियां चोक हो रही हैं, और गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे दुर्गंध और मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस लापरवाही के कारण संक्रामक बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है, खासकर बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह स्थिति चिंताजनक है।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सफाई कर्मियों की कार्यशैली पर सख्त निगरानी की जाए। उनका कहना है कि कचरे को ठीक करने के लिए उचित व्यवस्था जैसे कचरा निस्तारण वाहन या डंपिंग स्थल की व्यवस्था होनी चाहिए। साथ ही, नालियों की नियमित सफाई और रखरखाव के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए। ग्रामीणों ने यह भी मांग की है कि बारिश से पहले नालियों की सफाई का विशेष अभियान चलाया जाए ताकि जलभराव और गंदगी की समस्या से बचा जा सके।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए स्वच्छ भारत मिशन के तहत गांवों में स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं। लेकिन बंथरा के ग्राम सभा बनी जैसे क्षेत्रों में इस अभियान की हकीकत सामने आ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर सफाई कर्मी अपनी जिम्मेदारी ठीक से निभाएं और प्रशासन इस पर निगरानी रखे, तो गांव को स्वच्छ और स्वस्थ बनाया जा सकता है।

श्री रेतेश्वर धाम की सीढ़ियों पर मंडराया खतरा, ग्राम पंचायत और NHAI की अनदेखी

लखनऊ-कानपुर हाईवे के किनारे बंथरा के ग्राम सभा बनी में स्थित श्री रेतेश्वर धाम को हाईवे से उतरने वाली जीना सीढ़ियों के नीचे मिट्टी बारिश के कारण धीरे-धीरे बह गई है। पिछले दो-तीन वर्षों से सीढ़ियों के नीचे मिट्टी की कमी के बावजूद न तो ग्राम पंचायत के जिम्मेदार प्रतिनिधियों ने और न ही नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने इस ओर ध्यान दिया है।

इस अनदेखी के चलते सीढ़ियां कभी भी धंस सकती हैं, जिससे बड़ा हादसा होने का खतरा बना हुआ है।

स्थानीय लोगों ने जिम्मेदार अधिकारियों से इस समस्या का तत्काल समाधान करने की मांग की है, ताकि श्रद्धालुओं और राहगीरों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

मोटरसाइकिल की टक्कर से साइकिल सवार गंभीर रूप से घायल, मुकदमा दर्ज

सरोजनीनगर थाना क्षेत्र के गौरी में श्याम नर्सरी के पास 21 मई 2025 को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने साइकिल सवार को टक्कर मार दी। पीड़ित जितेंद्र कुमार गौतम ने थाना प्रभारी सरोजनीनगर को दी गई तहरीर में बताया कि उनके पिता बुद्दीलाल सुबह 8:30 बजे ड्यूटी के लिए साइकिल से जा रहे थे, तभी विपरीत दिशा से तेज गति से आ रही मोटरसाइकिल (नंबर UP32NY7177) ने उनकी साइकिल को टक्कर मार दी। इस हादसे में बुद्दीलाल गंभीर रूप से घायल हो गए और सड़क पर बेहोश हो गए। उनकी साइकिल भी पूरी तरह टूट गई।जितेंद्र ने बताया कि सूचना मिलने पर वे अपने पिता को तुरंत एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए और बाद में बेहतर इलाज के लिए के.के. अस्पताल, लखनऊ में भर्ती कराया। अगले दिन 22 मई 2025 को मोटरसाइकिल चालक ने फोन (नंबर 81888XXXXX) पर संपर्क कर 25,000 रुपये और नई साइकिल देने की बात कहकर मामले को रफा-दफा करने की कोशिश की। हालांकि, पीड़ित पक्ष ने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया और कानूनी कार्रवाई की मांग की।

हवाई अड्डे से साइबर अपराधी फरार, पुलिस ने शुरू की तलाश

9 जुलाई 2025 को सरोजनीनगर चौधरी चरण सिंह हवाई अड्डे पर उस समय हड़कंप मच गया, जब गुजरात के तापी जिले के साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन की हिरासत में मौजूद एक साइबर अपराधी, अर्श उर्फ हर्ष पुत्र आनंद नागपाल, पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। यह घटना 9 जुलाई 2025 को सुबह करीब 6 बजे की है, जब गुजरात पुलिस की टीम आरोपी को लेकर इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट (6E 142) से व्यारा, गुजरात ले जाने की तैयारी कर रही थी।जानकारी के अनुसार, गुजरात के साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में दर्ज अपराध संख्या 005/2025 की जांच के सिलसिले में पुलिस सब-इंस्पेक्टर धीरज राघव भाई बथवार, सब-इंस्पेक्टर के. आर. पटेल और कांस्टेबल विपुल लाभूभाई घाघल आरोपी की तलाश में लखनऊ आए थे। 8 जुलाई को पीजीआई पुलिस स्टेशन की सहायता से आरोपी को वृंदावन कॉलोनी के आकाश एन्क्लेव, डी/2, फ्लैट नंबर-604 से गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद, आरोपी को लखनऊ के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया, जहां 11 जुलाई 2025 की शाम 4 बजे तक का ट्रांजिट रिमांड मंजूर हुआ।आरोपी को व्यारा, गुजरात ले जाने के लिए रेलवे टिकट कन्फर्म न होने के कारण पुलिस ने इंडिगो फ्लाइट से यात्रा की योजना बनाई। 9 जुलाई को हवाई अड्डे पर चेकिंग के दौरान, जब सब-इंस्पेक्टर धीरज और के. आर. पटेल चेकिंग प्रक्रिया में व्यस्त थे, कांस्टेबल विपुल आरोपी को लेकर आगे बढ़े। इसी दौरान, आरोपी ने पेशाब का बहाना बनाकर कांस्टेबल विपुल से वॉशरूम जाने की बात कही। वॉशरूम में, कांस्टेबल के सामान रखने के लिए पीछे मुड़ते ही आरोपी ने मौका देखकर चकमा दिया और फरार हो गया।पुलिस ने हवाई अड्डे और आसपास के इलाकों में आरोपी की तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इस संबंध में साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन, व्यारा के सब-इंस्पेक्टर धीरज राघव भाई बथवार ने सरोजनीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

बंथरा थाने में मारपीट गाली-गलौज की रिपोर्ट दर्ज

बंथरा थाना क्षेत्र के लतीफनगर गांव में 9 जुलाई 2025 को एक मारपीट और गाली-गलौज की घटना सामने आई है। गांव के निवासी मुकेश गुप्ता, पुत्र स्वर्गीय कल्लू, ने थाना प्रभारी को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि उनके ही गांव के उमेश, पुत्र स्वर्गीय शेरा रावत, मन्ना, पुत्र स्वर्गीय वंशीलाल, और प्रेम, पुत्र श्रीपाल रावत ने उनकी साली के साथ गाली-गलौज की और उन्हें मारपीट कर घायल कर दिया।मुकेश गुप्ता के अनुसार, घटना दोपहर करीब 12:30 बजे की है। जब उन्होंने विपक्षीगण उमेश और मन्ना को समझाने की कोशिश की, तो उन्होंने प्रेम को बुला लिया। इसके बाद तीनों ने एकजुट होकर मुकेश पर लात, घूंसे और डंडों से हमला किया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह उन्हें बचाया। मुकेश ने बताया कि घटना की सूचना तुरंत 112 पर दी गई थी। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। थाने की पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर मामले की छानबीन कर रही है।

अवैध आक्रमण के खिलाफ चलाया गया अभियान

सरोजनीनगर क्षेत्र में गुरुवार को अवैध अतिक्रमण के खिलाफ एक विशेष अभियान चलाया गया। डीसीपी ट्रैफिक के दिशा-निर्देश में और एसीपी ट्रैफिक के नेतृत्व में, थाना सरोजनीनगर के प्रभारी निरीक्षक राजदेव राम प्रजापति, टीआई देवेश साही और पुलिस बल ने शहीद पथ से अमौसी मेट्रो स्टेशन तक और वहां से नादरगंज तक सड़कों व फुटपाथों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया।इस अभियान का मुख्य उद्देश्य यातायात को सुगम बनाना और आम जनता को सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करना था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दुकानदारों और रेहड़ी-पटरी वालों को चेतावनी दी कि भविष्य में अवैध अतिक्रमण न करें।

गैंगस्टर एक्ट में वांछित शातिर अभियुक्त गिरफ्तार

थाना बंथरा पुलिस ने दक्षिणी जोन के अंतर्गत गैंगस्टर एक्ट के तहत वांछित शातिर अभियुक्त नवीन राजपूत (25) को गिरफ्तार किया। नवीन, मुजफ्फरनगर, चौधरी खेड़ा, थाना काकोरी का निवासी है और अमित वर्मा के नेतृत्व वाले संगठित अपराधी गिरोह का सदस्य है। यह गिरोह लूट, चोरी और अन्य अपराधों में संलिप्त है, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल है।20.06.2025 को थाना बंथरा में मुकदमा संख्या 231/2025, धारा 2/3 उ.प्र. गिरोहबंद समाज विरोधी क्रिया निवारण अधिनियम के तहत दर्ज किया गया था। प्रभारी निरीक्षक राणा राजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने गुरुवार को कार्यवाही करते हुए नवीन को गिरफ्तार कर लिया। उसे न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेजा जा रहा है। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।

छठ पूजा स्थल पर दबंग का कब्जा, पार्षद ने की कार्रवाई की मांग

सरोजनीनगर द्वितीय वार्ड के बंधुवा तालाब स्थित 50 वर्ष पुराने छठ पूजा स्थल पर दबंग सुरेंद्र रावत द्वारा अतिक्रमण का आरोप लगा है। पार्षद एडवोकेट रामनरेश रावत ने महापौर और नगर आयुक्त को शिकायती पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। पत्र में बताया गया कि सुरेंद्र, जो किसान मोर्चा का पदाधिकारी और समाजवादी पार्टी से जुड़ा है, उसने 20 वर्षों से तालाब की 2000 वर्ग फुट से अधिक जमीन पर कब्जा कर मकान बना लिया है। 2024 में नगर निगम ने इसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर निर्माण तोड़ा था, लेकिन ऊपरी पहुंच के चलते उसने पुनः कब्जा कर लिया। वह नई सड़क पर ट्रैक्टर खड़े कर रास्ता भी अवरुद्ध कर रहा है। पार्षद ने तालाब और रास्ते को अतिक्रमण से मुक्त कराने की मांग की है, ताकि छठ पूजा और आवागमन सुचारू हो सके।

मोटरसाइकिल सवार छात्र की ट्रक की टक्कर से मौत

सरोजनीनगर थाना क्षेत्र के अमौसी मेट्रो स्टेशन के पास गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में एल.एल.बी. के छात्र शोभित सिंह की मौत हो गई। मृतक के भाई समीर सिंह ने थाना सरोजनीनगर में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि हादसा एक नीले रंग के ट्रक (नंबर UP 27 BT 8223, ओम लॉजिस्टिक) की लापरवाही के कारण हुआ।शिकायत के अनुसार, शोभित सिंह पुत्र अयोध्या सिंह, निवासी ग्राम सभा ऐन थाना बन्थरा अपनी मोटरसाइकिल (नंबर UP 32 CQ 9372) से एल.एल.बी. की किताबें खरीदकर घर लौट रहे थे। शाम करीब 6:40 बजे अमौसी मेट्रो स्टेशन के पास अंग्रेजी शराब के ठेके के निकट तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक शोभित के शरीर के ऊपर से चढ़ गया और चालक मौके से फरार हो गया।राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए शोभित को सरोजनीनगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, लेकिन वहां उचित इलाज न मिलने के कारण परिजनों ने उन्हें बिजनौर स्थित विनायक मेडिकेयर अस्पताल में स्थानांतरित किया। वहां डॉक्टरों ने शोभित को मृत घोषित कर दिया।

Aaj National

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *