- REPORT BY:AAJ NATIONAL NEWS || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS DESK
लखनऊ।राजधानी के पारा थाना क्षेत्र में जीवनसाथी डॉट कॉम पर मुलाकात कर शादी का झांसा देकर युवक से अलग-अलग काम बताकर
करीब साढ़े दस लाख रुपए ऐंठ लिए। युवती ने खुद फूड इंस्पेक्टर के पद पर नियुक्त होने की बात कहती थी। पीड़ित ने पारा थाने में युवती और उसके भाई के खिलाफ धोखाधड़ी और धमकी की धाराओं में केस दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक पारा के जलालपुर फाटक निवासी मनीष कुमार एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। मनीष की चार साल पहले जीवनसाथी डॉट कॉम वेबसाइट के जरिए राजाजीपुरम निवासी प्रियंका यादव से मुलाकात हुई थी। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और शादी की बात तक पहुंच गई। इस बीच प्रियंका ने खुद को आईएएस अभ्यर्थी बताते हुए मनीष से कोचिंग फीस के नाम पर पैसे मांगे। भरोसे में आकर मनीष ने उसकी मदद कर दी। इसके बाद प्रियंका और उसका भाई राम कभी मां के इलाज, कभी जेवर और कभी मोबाइल खरीदने के नाम पर मनीष से धीरे-धीरे 10.50 लाख रुपए ले लिए। इस दौरान युवती ने बताया कि वो फूड इंस्पेक्टर पद पर तैनात हो गई है। कुछ रुपए कैश में और बाकी आॅनलाइन ट्रांजैक्शन के जरिए लिया गया। अगर मनीष सारे रुपए आॅनलाइन भेजने की बात कहता तो बैंक में दिक्कत बता देती। लंबा समय बीतने के बाद जब मनीष ने रुपए वापस मांगे तो आरोपियों ने टालमटोल शुरू कर दी। युवती झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने लगी। इससे परेशान होकर मनीष थाने में शिकायत दर्ज कराई। इंस्पेक्टर सुरेश सिंह के मुताबिक, मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों से पूछताछ की जाएगी और जरूरी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
घर से लापता युवक खुद से लौटा घर खुशी की लहर
नगराम के गुमवा खेड़ा गांव से बुधवार दोपहर बाद बिना किसी को कुछ बताए घर निकल कर लापता हुआ युवक शुक्रवार सुबह सकुशल
अपने घर वापस आ गया। उक्त घटना के बाबत लापता के भाई द्वारा गुरुवार के दिन गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कराया गया था । युवक के वापस आ जाने से परिजनों ने राहत की सांस ली।सहायक पुलिस आयुक्त मोहनलाल गंज रजनीश वर्मा ने बताया कि नगराम के बहरौली का मजरा गुमवा खेड़ा गांव निवासी सुरेश चंद्र वर्मा का 40 वर्षीय लड़का आशीष कुमार बुधवार दोपहर बाद घर घर से निकल कर संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। बुधवार शाम ही लापता की आखिरी लोकेशन राजधानी में कठौता के आस पास का पाई गई थी। उसके बाद फोन बंद हो गया था । गुरुवार के दिन लापता के भाई द्वारा गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कराया गया था। गुमशुदगी दर्ज होने के बाद लखनऊ सहित पड़ोसी जनपदों में सूचना देकर तलाश की जा रही थी। गुरुवार सुबह लापता आशीष सकुशल अपने घर वापस आ गया । लापता आशीष ने बताया कि मानसिक स्थिति ठीक न होने के कारण वह इधर उधर भटक रहा था मोबाइल बंद हो जाने की वजह से परिजनों को सूचित भी नहीं कर सका। आशीष के सकुशल घर वापस लौट आने पर परिजनों व करीबियों ने राहत की सांस ली।
जबरन शराब पिलाने के आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज
सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र की रहने वाली एक युवती ने एक युवक पर जबरदस्ती शराब पिलाने की कोशिश करने व बदतमीजी करने की
शिकायत की है। जिसपर पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र की रहने वाली एक युवती के अनुसार उसने अनुभव सिंह के माध्यम से वृंदावन सेक्टर 10 सी में स्थित सर्वज्ञा रियल्टर्स के आफिस में नौकरी जॉइन की थी।नौकरी जॉइन करने के बाद से उसे अंसल में स्थित साइड आॅफिस सरकार टाउन से अनुभव सिंह उसे अपनी कार से लेकर जाते थे।पीड़िता का आरोप है कि 12 जुलाई को शाम लगभग 06.30 बजे के बाद अनुभव उसे अंसल से लेकर निकले और शराब लेकर उसे जबरदस्ती पिलाने की कोशिक करने लगे और साथ ही उससे बदतमीजी भी की।इसके बाद 13 जुलाई को उसने अनुभव सिंह के बड़े भाई और आॅफिस के सीईओ आजाद सिंह से इसकी शिकायत की तो उसे बिना वेतन दिए आॅफिस से निकाल दिया गया।जिसकी शिकायत उसने महिला हेल्पलाइन 1090 पर करने के साथ ही सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस से की है।जिसपर पुलिस मुकदमा पंजीकृत कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
रंजिशन दबंगो ने महिला व उसके ससुर को पीटा
गोसाईगंज क्षेत्र में शिवलर गांव के मजरा डाल खेड़ा में पुरानी रंजिश को लेकर दबंगों ने महिला व उसके ससुर की पिटाई कर दी।डाल खेड़ा की रहने वाली नसीमुन के अनुसार गुरुवार की शाम लगभग 4.30 बजे पारिवारिक रंजिश के चलते गांव के ही रहने वाले इलियास व उनके पुत्र अशीम जसीम चाँद बाबू उसे गन्दी गन्दी गालिया देने लगे जिसका पीड़िता ने विरोध किया तो दबंग उसे लात घूसो व लाठी डन्डो से मारने लगे यह देख उसके ससुर अल्लन उसे बचाने दौड़े तो दबंगों ने उनकी भी पिटाई कर दी।पीड़िता ने इसकी लिखित शिकायत गोसाईगंज पुलिस से की है।जिसपर पुलिस मुकदमा पंजीकृत कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
शराब पीने से मना किया तो कर दी पिटाई
सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र के माढ़रमऊ कला गांव में शराब को लेकर हुए विवाद में दबंगों ने दो युवकों को मार पीटकर घायल कर दिया।
माढ़रमऊ कला की रहने वाली राधा पत्नी स्व नटवर लाल के अनुसार 15 जुलाई को वहीं का रहने वाला धनीराम पुत्र शेरा बैठकर शराब पी रहा था।इसी बीच वहां पहुंचे अरविंद रविन्द्र व विरेन्द्र पुत्रगण रामदीन धनीराम से शराब माँगने लगे।लेकिन धनीराम ने उन्हें शराब देने से मना कर दिया।पीड़िता का आरोप है कि इससे गुस्साए तीनो भाइयों ने मिलकर धनीराम को कट्टा चक्कू एवं बाँका से मारकर घायल कर दिया जिससे वह खून से लथपथ होकर वहीं गिर गया।इसी बीच धनीराम को मार खाता देख वहीं पर खड़ा पीड़िता का पुत्र आकाश उसे बचाने के लिए दौड़ा तो तीनो भाइयों ने मिलकर आकाश पर भी राड चक्कू एवं बाँका से हमला कर दिया।जिससे धनीराम व आकाश दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।पीड़िता ने पूरे मामले की लिखित शिकायत सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस से की है।जिसपर पुलिस मुकदमा पंजीकृत कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
माल थाना क्षेत्र में चोरों का आतंक: 48 घंटे में पांच दुकानों में चोरी, दो में चोरी का प्रयास
बृहस्पतिवार रात बरगदया में दो दुकानों को चोरों ने निशाना बनाया। प्रदीप किराना स्टोर से चोर लगभग दो हजार रुपये की 35 डिब्बी सिगरेट ले गए।निखिल हार्डवेयर से चोर 25 से 30 हजार रुपये समान, मोटर और टोटी चुरा ले गए। इसी इलाके में स्थित एक बियर ठेके पर भी चोरों ने सेंध लगाने का प्रयास किया। ठेके के सेल्समैन आकाश यादव ने बताया कि दुकान पर बेलचे के निशान मिले हैं। स्थानीय लोगों की सूचना पर वह रात करीब एक बजे मौके पर पहुंचे। इससे पहले बुधवार रात को गौरैया और जगदीशपुर में दो-दो दुकानों में चोरी हुई थी। माल थाना प्रभारी नवाब अहमद ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।
इंस्टाग्राम पर महिला को फोटो वायरल करने की धमकी
पीजीआई इलाके में रहने वाली एक महिला ने पीजीआई थाने में शिकायत दर्ज कराई है। महिला ने बताया कि कोई अज्ञात व्यक्ति उसे और
उसके पति को इंस्टाग्राम पर परेशान कर रहा है।आरोपी व्यक्ति महिला के पति की इंस्टाग्राम आईडी पर उसके चरित्र के बारे में भद्दी टिप्पणियां कर रहा है। साथ ही महिला की इंस्टाग्राम आईडी पर भी गाली-गलौज कर रहा है। आरोपी ने फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी दी है। वह मैसेज कर पैसों की मांग भी कर रहा है।पीड़िता ने बताया कि पहले भी इस तरह की घटनाएं हुई थीं। तब उन्होंने परिस्थितियों को देखते हुए मामले को नजरअंदाज कर दिया था। लेकिन पिछले कुछ महीनों से यह परेशानी बढ़ गई है। लगातार मिल रही धमकियों से वह डरी और सहमी हुई है। इससे उनकी रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है। पीजीआई थाना प्रभारी धीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि महिला की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
बाइक सवार बदमाश ने शिक्षक की चेन छीनी
आशियाना थाना क्षेत्र में एक निजी स्कूल के शिक्षक से चेन स्नैचिंग की वारदात सामने आई है। कृष्णापल्ली निवासी अभिषेक तिवारी सोमवार
की शाम अपनी पत्नी और बच्चे के साथ एलडीए कॉलोनी सेक्टर-एच में डॉक्टर के पास गए थे।जब उनकी पत्नी मेडिकल स्टोर से दवा खरीद रही थीं, तब अभिषेक अपनी बच्ची को गोद में लेकर खड़े थे।
इसी दौरान लाल रंग की बाइक पर सवार बदमाश ने उनके गले से सोने की चेन छीन ली। शिक्षक ने अपनी बाइक से बदमाश का पीछा किया, लेकिन वह भागने में सफल रहा।
पीड़ित ने परिवार को घर छोड़ने के बाद देर रात तक घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर आशियाना थाने में शिकायत दर्ज कराई। घटना के तीन दिन बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बकरी चराने गई युवती की ट्रेन से कटी
कृष्णा नगर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई। पंडित खेड़ा की रहने वाली 20 वर्षीय श्यामा कुमारी की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। श्यामा शुक्रवार सुबह 9 बजे बकरी चराने के लिए घर से निकली थी।कुछ समय बाद पंडित खेड़ा ओवर ब्रिज के पास पोल संख्या 120 के निकट रेल पटरी पर उसका शव मिला। दुर्घटना में युवती का शरीर दो हिस्सों में बंट गया था।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कपड़े से ढंकवाया। मृतका की पहचान के लिए उसके परिजन और ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे। श्यामा के पिता दीनदयाल, मां माधुरी देवी और भाई श्रवण कुमार ने शव की पहचान की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
भूतनाथ में महिला को घायल कर जेवरात लूटने वाले दो गिरफ्तार
-लुटेरों ने हनीमून पर जाने के लिए दिया था वारदात को अंजाम
गाजीपुर के भूतनाथ में अफसर की पत्नी से लूट हनीमून के लिए रुपए जुटाने के लिए की गई थी। गाजीपुर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार
कर वारदात का खुलासा किया। आरोपी एसी बनाने के बहाने घर में घुसे थे। इसके बाद महिला का गला रेतकर कान की बाली और चेन लूट कर फरार हो गए थे।बताया जा रहा है कि पुलिस 8 दिन से आरोपियों की तलाश कर रही थी। आरोपियों की पहचान समोद्दीपुर इंदिरानगर निवासी चिरकू उर्फ कपिल कश्यप (20) और फरीदनगर इंदिरानगर निवासी रामधीरज उर्फ मोगली (22) के रूप में हुई। आरोपियों के पास से कान की दो बाली बरामद हुई हैं। घटना 9 जून की है। भूतनाथ मार्केट, इंदिरा नगर में 2 लुटेरे अउ बनाने के बहाने सचिवालय के सचिव हरीशचंद्र पांडेय के घर पहुंचे। उनकी पत्नी शशि पांडेय की सोने की चेन और बाली लूट ली। इस दौरान शशि का गला रेता और दीवार से सिर लड़ा दिया। शशि के गले में 7 टांके लगे हैं। हाथ में गहरे जख्म हो गए हैं। वो 10 जून को अस्पताल से डिस्चार्ज होकर घर पहुंचीं। हालत में सुधार है, लेकिन बोलने में दिक्कत हो रही है।
डीपी पूर्वी शशांक सिंह ने बताया- आरोपी स्मैक का नशा करते हैं। राह चलते उस घर को टारगेट बनाया था। आरोपी चिरकु की एक महीने बाद शादी होनी है। जिसके लिए घूमने व अन्य खर्च के लिए उसके पास पैसे नहीं थे। इस वजह से घटना को अंजाम दिया था। आरोपी पर गाजीपुर थाने में 6 मुकदमे दर्ज हैं। जबकि मोगली पर एक मुकदमा दर्ज है।
मेट्रो में नशेड़ी ने छात्राओं से किए गंदे इशारे
मेट्रो में शुक्रवार को एक शर्मनाक घटना हुई। नशे में धुत व्यक्ति ने चलती मेट्रो में चीखते-चिल्लाते हुए हंगामा किया। उसने छात्राओं को
अश्लील इशारे किए। घटना का वीडियो सामने आया है, जिसे उसी डिब्बे में बैठे किसी यात्री ने अपने मोबाइल से रिकॉर्ड किया है। हालांकि आरोपी का चेहरा कैमरे में कैद नहीं हुआ। मेट्रो प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। लेकिन इतनी सख्त सुरक्षा इंतजाम के बावजूद नशे की हालत में कोई व्यक्ति मेट्रो में सवार कैसे हुआ? यह बड़ा सवाल है। इस पर कोई बोलने को तैयार नहीं है।
घटना शुक्रवार दोपहर 2 से 3 बजे के बीच हुई। हजरतगंज मेट्रो स्टेशन पर करीब 40 साल की उम्र का एक व्यक्ति सवार हुआ। वह छात्राओं के सामने वाली सीट पर बैठ गया। उसके बाद गंदे इशारे करने लगा। उसकी हरकतों से छात्राएं झेप गईं। उसने अन्य यात्रियों से भी उल्टी-सीधी बातें कीं। यात्रियों ने विरोध किया तो भड़क गया। आईटी कॉलेज तक यात्री हंगामा करता रहा। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया, नशेड़ी मेट्रो के डिब्बे में पहले एक कोने में बैठा रहा, फिर अचानक डिब्बा बदलकर उस कोच में पहुंच गया। जहां महिलाएं और एक परिवार बैठा हुआ था। उसने वहां पर गाली-गलौज और तेज आवाज में बोलना शुरू कर दिया।
