सरोजनीनगर:मेडिकल स्टोर संचालक पर हमला, क्लिक करें और भी खबरें

-भाई और साथियों पर हत्या की धमकी का आरोप

  • REPORT BY:A.S.CHAUHAN || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS
लखनऊ। सरोजनीनगर थाना क्षेत्र में आजादनगर निवासी धीरेन्द्र कुमार यादव ने अपने भाई आनंद यादव और तीन अन्य लोगों पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। धीरेन्द्र ने थाना सरोजनीनगर में दी गई तहरीर में बताया कि 20 सितंबर 2025 को दोपहर करीब 12 बजे उनकी बदाली खेड़ा स्थित मेडिकल स्टोर पर आनंद यादव, मनू, समीर और अन्य अज्ञात लोगों ने एकराय होकर दुकान में घुसकर गाली-गलौज शुरू की। विरोध करने पर आरोपियों ने धीरेन्द्र को घसीटकर बाहर निकाला और लोहे की रॉड से मारपीट की। इस दौरान आनंद ने उनका गला दबाया और जान से मारने की धमकी दी, जबकि अन्य ने उनके हाथ-पैर पकड़े रखे।
धीरेन्द्र ने बताया कि शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद आरोपी भाग गए, लेकिन जाते-जाते धमकी दी कि वे उन्हें और उनके परिवार को घर में नहीं रहने देंगे। आरोपियों ने धीरेन्द्र की अनुपस्थिति में उनके घर जाकर उनकी पत्नी और बच्चों को भी गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। डरे-सहमे धीरेन्द्र ने तत्काल 112 पर कॉल किया, जहां पुलिस ने उन्हें थाने आने की सलाह दी।
धीरेन्द्र ने थानाध्यक्ष सरोजनीनगर से प्रथम सूचना रिपोर्ट  दर्ज कर उचित कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि उन्हें और उनके परिवार को जान का खतरा है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।

लीड्स इन्फ्रा कंपनी पर धोखाधड़ी का आरोप, रिपोर्ट दर्ज 

लखनऊ के दक्षिणी पुलिस उपायुक्त को संबोधित एक शिकायत में देवरिया के रहने वाले घनश्याम पाण्डेय ने लीड्स इन्फ्रा कंपनी और उसकी डायरेक्टर  रोली चौहान पर धोखाधड़ी का गंभीर आरोप लगाया है। घनश्याम ने अपनी शिकायत में बताया कि उन्होंने 14 जून 2015 को लीड्स इन्फ्रा के साथ उन्नाव के हसनगंज तहसील में 1500 वर्ग फीट के भूखंड (बी-135) के लिए 2,70,000 रुपये का अनुबंध किया था। इस राशि में से उन्होंने 28 सितंबर 2016 तक चेक के माध्यम से 2,54,003 रुपये कंपनी के खाते में जमा किए।शिकायत के अनुसार, जब घनश्याम ने भूखंड की रजिस्ट्री के लिए कंपनी से संपर्क किया, तो कंपनी के डायरेक्टर बार-बार बदलते रहे और उनसे शेष 15,997 रुपये जमा करने की मांग की गई। घनश्याम ने रजिस्ट्री की तारीख बताने की मांग की, लेकिन कंपनी ने कोई ठोस जवाब नहीं दिया। करीब 3-4 महीने पहले जब घनश्याम कंपनी के लखनऊ स्थित कार्यालय (राशि प्लाजा, स्कूटर इंडिया थाना सरोजनीनगर कानपुर रोड) पहुंचे, तो वहां ताला लगा था और कंपनी के कर्मचारियों के मोबाइल नंबर भी बंद मिले। स्थानीय लोगों से पता चला कि कंपनी भाग चुकी है।
घनश्याम ने यह भी बताया कि कंपनी ने दावा किया था कि भूखंड पालम स्टेट के नाम से संचालित हो रहा है, जो लीड्स इन्फ्रा के अधीन है। पीड़ित का आरोप है कि कंपनी ने छल-कपट और धोखाधड़ी कर उनकी मेहनत की कमाई हड़प ली। उन्होंने पुलिस से इस मामले में एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बंथरा के खसरवारा में चोरों ने दो घरों पर धावा बोला,परिजनों के जाग जाने पर नहीं ले जा पाएं कोई सामान  

बंथरा थाना क्षेत्र के ग्राम सभा खसरवारा, उम्मेद खेड़ा में बीती रात आधा दर्जन से अधिक मोटरसाइकिल सवार चोरों ने दो घरों पर धाबा बोला गया। रात करीब 12:30 से 1:00 बजे के बीच चोरों ने पहले मोहित कुमार, पुत्र राम किशोर के घर की पीछे की दीवार काटकर घुसने का प्रयास किया, लेकिन असफल रहे। इसके बाद चोरों ने पड़ोसी देवी प्रसाद, पुत्र स्व. रामचरण, के घर में पीछे से कूदकर अलमारी का लॉकर तोड़ा। घरवालों के जागने और शोर मचाने पर चोर भाग निकले, लेकिन इस दौरान उनका एक अवैध तमंचा छत पर छूट गया। परिजनों के जाग जाने पर चोरों दोनों घरों से कोई सामान नहीं ले जा पाएं।सुबह स्थानीय लोगों ने बंथरा थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की और अवैध तमंचे को कब्जे में लिया। इस घटना से गांव में दहशत का माहौल है, और लोग सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।इसको लेकर बंथरा थाना प्रभारी राणा राजेश कुमार सिंह नें बताया कि मामला जानकारी में आया है और जांच की जा रही है चोरों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा, जिससे आगे कोई वारदात घटित ना हो।

बिजनौर में पेट्रोल पंपों की जा रही मनमानी,नियमों की धज्जियां उड़ाकर लोगों की जान से हो रहा खिलवाड़

बिजनौर में पेट्रोल पंप संचालकों की मनमानी थमने का नाम नहीं ले रही। न तो जिला प्रशासन (डीएम) के आदेशों का पालन हो रहा है और न ही मुख्यमंत्री के निर्देशों की परवाह की जा रही है। बिजनौर रोड टीले के सामने भारत पेट्रोल पंप पर खुलेआम नियमों का उल्लंघन हो रहा है। हेलमेट पहने या न पहने, बिना किसी जांच-पड़ताल के पेट्रोल बांटा जा रहा है, जिससे लोगों की जान खतरे में पड़ रही है।जब एक स्थानीय रिपोर्टर ने पेट्रोल पंप संचालकों से इस बारे में सवाल किया तो जवाब में उन्हें धमकाया गया। संचालकों ने कहा, “तुम कौन होते हो रोकने वाले चाहे वीडियो बनाओ, चाहे फोटो खींचो, मेरा कोई कुछ नहीं उखाड़ सकता।” यह रवैया न केवल प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाता है, बल्कि आम जनता की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ को भी उजागर करता है।स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की लापरवाही से सड़क हादसों का खतरा बढ़ रहा है। मांग की जा रही है कि ऐसे पेट्रोल पंपों का लाइसेंस तत्काल निरस्त किया जाए या कड़ा दंड लगाया जाए, ताकि भविष्य में नियमों का पालन सुनिश्चित हो और लोगों की जान-माल की सुरक्षा हो सके।जिला प्रशासन और संबंधित विभागों से इस मामले में त्वरित कार्रवाई की उम्मीद की जा रही है, ताकि इस मनमानी पर रोक लगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों को सबक मिले।

साहसी अग्निशमन कर्मियों ने आग में फंसे महिला, बच्चे को बचाया

बीती रात 1:58 बजे फायर स्टेशन सरोजनीनगर को सूचना मिली कि पराग चौराहे के पास एलडीए कॉलोनी, सेक्टर-एफ, विस्तार में मकान संख्या 2/63 में अमित सक्सेना के घर में आग लग गई है और लोग अंदर फंसे हैं। सूचना पर तत्काल फायर स्टेशन सरोजनीनगर से गाड़ी संख्या 5725 और आलमबाग से गाड़ी संख्या 0451 घटनास्थल के लिए रवाना की गईं।घटनास्थल पर पहुंचने पर पता चला कि धुएं के कारण रिचा प्रभाकर श्रीवास्तव और उनका बच्चा अभिनव सक्सेना घर में फंसे हैं। प्रभारी सुमित प्रताप सिंह, फायरमैन सुरेंद्र यादव और सुधीर यादव ने साहस और सूझबूझ दिखाते हुए सीढ़ी के रास्ते घर में प्रवेश कर दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला। साथ ही, आलमबाग फायर स्टेशन की टीम ने होज लाइन लगाकर आग पर काबू पाया।प्राथमिक जांच में आग का कारण इलेक्ट्रिक स्कूटी की चार्जिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट पाया गया। अग्निशमन टीम की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया, और सौभाग्यवश कोई जनहानि नहीं हुई।

सरोजनीनगर में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन,18 शिकायतों का मौके पर निस्तारण

सरोजनीनगर तहसील में शनिवार को संपूर्ण तहसील समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता उपजिलाधिकारी अंकित शुक्ल ने की। तहसीलदार सुखबीर सिंह और नायब तहसीलदार गोवर्धन शुक्ल ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं। दौरान कुल 105 शिकायती पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 18 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए प्रेषित किया गया।

सरोजनीनगर 5 साल की बच्ची से छेड़छाड़, आरोपी फरार

सरोजनीनगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर 11:30 बजे एक 5 वर्षीय बच्ची के साथ छेड़छाड़ की घटना ने स्थानीय लोगों को स्तब्ध कर दिया। आरोपी कमलेश, सीतापुर के तंबौर थाना क्षेत्र के दतुनी गांव का निवासी, ने बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने कमरे में ले जाने की कोशिश की। जागरूक महिलाओं की सतर्कता से घटना का खुलासा हुआ, और बच्ची के पिता ने उसे सुरक्षित निकाला। विरोध करने पर आरोपी ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर मौके से फरार हो गया।घटना से मोहल्ले में हड़कंप मच गया, और गुस्साए लोग इकट्ठा हो गए। सरोजनीनगर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

बंथरा के रहीम नगर पड़ियाना में गौकशी की अफवाह, पुलिस जांच में निकली झूठी सूचना

बंथरा थाना क्षेत्र के ग्राम सभा रहीम नगर पड़ियाना में शनिवार दोपहर पुलिस को सूचना मिली कि गौकाशी कर बीएम डेरी के सामने, रहीम नगर पड़ियाना मार्ग के किनारे तालाब के पास शव फेंके गए हैं। ट्वीट के माध्यम से मिली इस जानकारी पर एसीपी विकास कुमार पांडे और थाना प्रभारी राणा राजेश कुमार सिंह तुरंत मौके पर पहुंचे। जांच में पता चला कि गाय का कटा सिर मिला था, लेकिन यह घटना गौकशी नहीं, बल्कि अफवाह थी।स्थानीय निवासी आशु शुक्ला ने बताया कि इस क्षेत्र में मृत पशुओं को फेंकने की प्रथा है। किसी ने गलत सूचना देकर गौकशी की अफवाह फैलाई। पुलिस ने मामले की जांच कर स्पष्ट किया कि यह घटना झूठी थी और स्थिति नियंत्रण में है।

ट्रक ड्राइवर पर सीमेंट की 78 बोरी चोरी का आरोप,कोर्ट के आदेश पर सरोजनीनगर थाने में एफआईआर दर्ज

सरोजनीनगर थाना क्षेत्र में एक ट्रांसपोर्ट कंपनी के मालिक ने अपने ट्रक ड्राइवर पर सीमेंट की 78 बोरी चोरी करने और ट्रक को लावारिस छोड़कर फरार होने का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस की ओर से प्रारंभिक शिकायत दर्ज न करने पर पीड़ित ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया, जिसके बाद 19 सितंबर 2025 को एफआईआर दर्ज की गई।पीड़ित सर्वजीत सिंह, जो प्रभ शिफ्ट रोड लाइन्स प्राइवेट लिमिटेड के प्रोपराइटर हैं, ने बताया कि 16 मई 2025 को उनके ट्रक (नंबर UP32WN9371) में 720 सीमेंट बैग लोड कर ईटा से बलिया भेजे गए थे। ड्राइवर मनीष पाल (उम्र करीब 25 वर्ष, निवासी छौक, कालपी, जालौन) ने रास्ते में कानपुर नगर के चौबेपुर में ट्रक खड़ा कर 78 बैग बेच दिए और फरार हो गया। जीपीएस ट्रैकिंग से ट्रक की लोकेशन पता चली, लेकिन ड्राइवर का फोन स्विच ऑफ हो गया।सर्वजीत सिंह ने चौबेपुर थाने में शिकायत की, लेकिन पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की। इसके बाद उन्होंने सरोजनीनगर थाने, एसीपी कैंट, एसीपी स्वरूप नगर और अन्य अधिकारियों को लिखित सूचना भेजी, साथ ही ई-एफआईआर भी दर्ज कराई। कोई कार्रवाई न होने पर उन्होंने जेएम थर्ड कोर्ट, लखनऊ में धारा 173(4) बीएनएसएस और 156(3) आईपीसी के तहत याचिका दाखिल की। कोर्ट ने 16 जून 2025 को पुलिस को जांच के आदेश दिए, जिसके बाद 19 सितंबर को सरोजनीनगर थाने के एसएचओ ने मामला दर्ज किया।पीड़ित ने बताया कि इस घटना से उन्हें आर्थिक और मानसिक नुकसान हुआ है। पुलिस अब ड्राइवर की तलाश में जुटी है, और मामले की जांच जारी है।

सई नदी में पानी छोड़े जाने की अफवाहों का बाजार गर्म

बंथरा क्षेत्र के सई नदी किनारे बसे कई गांवों में नदी में पानी छोड़े जाने की अफवाहों ने बाजार गर्म कर दिया है। गोडवा, महमूदपुर, कल्लन खेड़ा,दराबनगर बरकोता, लतीफ नगर, बनी और हरौनी सहित अन्य तमाम गांवों में यह चर्चा तेज हो गई है कि जल्द ही नदी में 12 से 15 फीट ऊंचा पानी छोड़ा जाएगा। ग्रामीणों के बीच दहशत फैल गई है और लोग एक-दूसरे से कानाफूसी कर रहे हैं।हरौनी बाजार में गुरुवार को डुग्गियां पीटी गईं, जबकि नदी किनारे बने घरों को खाली करने की बातें जोरों पर हैं। गांव वालों का कहना है कि पुलिसकर्मी इन गांवों में जाकर नदी किनारे रहने वाले ग्रामीणों को घर खाली करने की सलाह दे रहे हैं। अफवाहों के अनुसार, 23 सितंबर को नदी में पानी छोड़ा जाएगा। इससे प्रभावित परिवारों में घबराहट का माहौल है।हालांकि, स्थानीय थाने की पुलिस ने इन अफवाहों का साफ खंडन किया है। थाना प्रभारी राणा राजेश कुमार सिंह ने बताया कि विभाग की ओर से किसी भी गांव में ऐसी कोई सूचना नहीं दी गई है। पुलिस का दावा है कि न तो कोई ग्रामीण से घर खाली करने को कहा गया और न ही 23 सितंबर को पानी छोड़ने का कोई आदेश है। अब सवाल उठ रहा है कि आखिर ये अफवाहें कहां से फैलाईं जा रही हैं।फिलहाल, क्षेत्र के कई गांवों में यह अफवाह तेजी से फैल चुकी है। प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और आधिकारिक सूचनाओं का ही इंतजार करें। सई नदी, जो पहले ही सूखने की कगार पर रही है, अब अफवाहों का शिकार बन गई है।

बेंती का विशाल बाहुबली दंगल 23 सितंबर को

बंथरा के ग्राम सभा बेंती में 23 सितंबर 2025, मंगलवार को लखनऊ-कानपुर रोड से 4 किमी दूर बनी मोहान रोड पर स्थित बेंती में विशाल एवं विराट दंगल का आयोजन होने जा रहा है। यह दंगल विगत 100 वर्षों से चली आ रही गौरवशाली परंपरा का हिस्सा है, जिसमें वीर शूरमा अपने बाहुबल का अद्भुत प्रदर्शन करेंगे।मेले के अध्यक्ष सोनू तिवारी ने बताया कि इस दंगल में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले बाहुबली को उचित पुरस्कार और सम्मान से नवाजा जाएगा। सभी पहलवानों के लिए भोजन और पेय की समुचित व्यवस्था की जाएगी, साथ ही दुकानदारों के लिए भी उचित इंतजाम होंगे।ग्रामवासियों और क्षेत्रवासियों से अपील है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर दंगल का आनंद लें और पहलवानों का उत्साहवर्धन करें।

तीन गायों की बचाईं गई जान, पुलिस जांच में जुटी

बंथरा बाजार से उम्मेद खेड़ा जाने वाली सड़क पर शनिवार की शाम को एक सनसनीखेज घटना ने स्थानीय लोगों में हड़कंप मचा दिया। नंदलाल चक्की के सामने जंगल में कुछ अज्ञात गोकशी करने वाले तीन गायों को बेहोश करने के लिए इंजेक्शन लगाने की कोशिश कर रहे थे। तभी मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने शोर मचाकर हमलावरों को देख लिया और उन्हें दौड़ा लिया। आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि ग्रामीणों ने गायों को सुरक्षित बचा लिया।घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने तत्काल बंथरा पुलिस को फोन किया। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना करने के साथ-साथ जांच-पड़ताल शुरू कर दी। बंथरा थाना प्रभारी ने बताया हमें सूचना मिली है कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति जंगल में गायों के साथ देखे गए थे। हमारी टीम मौके पर पहुंच चुकी है और मामले की गहन जांच की जा रही है। फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।

सरोजनीनगर तहसील में लेखपाल डैशबोर्ड का शुभारंभ,राजस्व कार्य अब एक क्लिक पर, पारदर्शिता और सुगमता बढ़ेगी

राजस्व परिषद अध्यक्ष अनिल कुमार ने सरोजनीनगर तहसील में “लेखपाल डैशबोर्ड” का उद्घाटन किया। इस डैशबोर्ड से 22 हजार से अधिक लेखपालों के सभी कार्य एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होंगे, जिनका सिंगल लॉगइन के जरिए सुचारू निस्तारण होगा। आय-जाति-निवास प्रमाणपत्र, भूमि अभिलेख संशोधन, धारा 34, 80, 89 व 98 की कार्यवाहियां और अवकाश स्वीकृति जैसी प्रक्रियाएं अब ऑनलाइन और पारदर्शी होंगी। अध्यक्ष ने बताया कि जल्द ही राजस्व निरीक्षक, तहसीलदार और उपजिलाधिकारी स्तर पर भी डैशबोर्ड विकसित किए जाएंगे। इस अवसर पर जिलाधिकारी विशाख जी, एसडीएम अंकित, वरिष्ठ आईएएस अधिकारी गंगाराव, तहसीलदार सुखबीर सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

शौकत अली के खिलाफ पासी समाज का आक्रोश,महाराजा सुहेलदेव पासी पर अभद्र टिप्पणी के विरोध में पुतला दहन, सीएम को ज्ञापन सौंपा

पासी समाज के गौरव और राष्ट्र रक्षक महाराजा सुहेलदेव पासी जी पर अभद्र टिप्पणी करने वाले एआईएमआईएम (AII M) के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली के खिलाफ समाज में भारी आक्रोश फैल गया है। गुरुवार को सरोजनीनगर क्षेत्र में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने शौकत अली का पुतला फूंककर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित ज्ञापन एसीपी सरोजनीनगर को सौंपा गया, जिसमें शौकत अली के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई।
प्रदर्शनकारियों ने महाराजा सुहेलदेव पासी को हिन्दवी स्वाभिमान का प्रणेता और गाजी संहारक बताते हुए कहा कि उनकी विरासत का अपमान पूरे समाज का अपमान है। शौकत अली द्वारा बहराइच में महाराजा सुहेलदेव को “लुटेरा” बताने और सालार मसूद गाजी को “इंसाफ पसंद मुसलमान” करार देने की टिप्पणी को निंदनीय बताते हुए, कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि ऐसी बयानबाजी समाज को बांटने वाली है।
इस अवसर पर राष्ट्रीय कल्याण मंच के बैनर तले आयोजित प्रदर्शन में प्रमुख रूप से रज्जन लाल रावत, दीना नाथ पासी, सुंदर लाल, सुबोध रावत, रावत राजेश, बच्चू लाल पासी, हिमांशु रावत, रंजीत रावत, वीरेंद्र रावत, सूरज रावत, दीपक रावत, सुखबीर रावत, कमलेश रावत, रामबाबू रावत, मुकेश रावत, सुशील रावत, सीमा रावत, शकुंतला रावत, चांदनी रावत, प्रेमवती, पिंकी, गायत्री, संदीप रावत, अनिल रावत, विशंभर रावत, राजेश रावत, सतगुरु रावत, अरुण द्विवेदी सहित सैकड़ों साथी उपस्थित रहे।

ट्रांसपोर्ट नगर आरटीओ के बाबू श्रवण कुमार सिंह निलंबित,2 साल पुरानी शिकायत की जांच पूरी होने के बाद हुई कार्रवाई

उत्तर प्रदेश के परिवहन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रांसपोर्ट नगर स्थित क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (RTO) में तैनात क्लर्क श्रवण कुमार सिंह को निलंबित कर दिया है। सिंह वाहन ट्रांसफर से जुड़े कार्यों का जिम्मा संभालते थे। यह कार्रवाई दो साल पुरानी एक शिकायत की जांच पूरी होने के बाद की गई है, जो मुख्यमंत्री पोर्टल पर दर्ज हुई थी।परिवहन विभाग के मुख्यालय ने जांच रिपोर्ट के आधार पर यह फैसला लिया। शिकायत में वाहन ट्रांसफर प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाया गया था। जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद विभाग ने तत्काल निलंबन का आदेश जारी किया। यह घटना ट्रांसपोर्ट नगर RTO में दलालों और अनियमितताओं के खिलाफ चल रही मुहिम का हिस्सा मानी जा रही है, जहां हाल ही में डीएम के छापों के दौरान भी कई संदिग्ध पकड़े गए थे।

सरोजनीनगर में जमीन खरीद में धोखाधड़ी,शिव बहादुर सिंह ने संजय दुआ के खिलाफ दर्ज कराई एफआईआर

प्रतापगढ़ निवासी शिव बहादुर सिंह ने सरोजनीनगर थाना क्षेत्र में जमीन खरीद के दौरान कथित धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए संजय दुआ के खिलाफ न्यायिक मजिस्ट्रेट तृतीय, लखनऊ में शिकायत दर्ज की है। शिकायत में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 173(4) के तहत प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) दर्ज करने की मांग की गई है।शिव बहादुर सिंह के पुत्र नवदीप सिंह ने अपने माता-पिता के लिए लखनऊ में आवासीय जमीन खरीदने की योजना बनाई थी। इसके लिए उन्होंने ऑनलाइन प्रॉपर्टी डीलर देवेंद्र सिंह उर्फ लकी से संपर्क किया, जिसने 50,000 रुपये की सेवा शुल्क पर जमीन खोजने का वादा किया। देवेंद्र ने नवदीप को संजय दुआ से मिलवाया, जिन्होंने 1250 वर्ग फीट की जमीन 22.50 लाख रुपये में बेचने का प्रस्ताव रखा। संजय दुआ ने दावा किया कि यह जमीन उन्होंने 27 मई 2022 को राजितराम और उनके नाती से रजिस्ट्री के माध्यम से खरीदी थी।नवदीप ने विभिन्न तारीखों (29 अगस्त 2023 से 6 अक्टूबर 2023) के बीच एक्सिस बैंक के माध्यम से और नकद में कुल 22.50 लाख रुपये का भुगतान किया। हालांकि, जमीन पर कब्जा लेने के बाद अगले दिन भूमि पूजन के दौरान अज्ञात व्यक्तियों ने विरोध किया, जिन्होंने दावा किया कि यह जमीन प्रीति नामक व्यक्ति द्वारा 21 मई 2018 को खरीदी गई थी।विवाद और धोखाधड़ी का आरोप: जांच करने पर पता चला कि संजय दुआ द्वारा बेची गई जमीन पहले से ही प्रीति और अन्य के साथ विवादित थी, और यह मामला लखनऊ की अदालत में लंबित है (मामला संख्या: 2346/3022, दाखिल तिथि: 24 नवंबर 2022)। संजय दुआ ने इस विवाद की जानकारी छिपाई और नवदीप को आश्वासन दिया कि वह 6 महीने में विवाद सुलझा देंगे, बशर्ते नवदीप उन्हें विशेष मुख्तारनामा दे।नवदीप जो एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं और वर्तमान में विदेश में हैं, ने अपने पिता शिव बहादुर सिंह को मुख्तारनामा सौंप दिया। जब शिव बहादुर ने संजय दुआ से पैसे वापस मांगे, तो दुआ ने समय मांगते हुए 100 रुपये के स्टांप पेपर पर 14 मई 2025 तक 22.50 लाख रुपये लौटाने का वचन दिया, जो पूरा नहीं हुआ।पुलिस और कानूनी कार्रवाई: शिव बहादुर ने मई 2025 में लखनऊ के पुलिस आयुक्त, उपायुक्त (दक्षिणी), और सहायक पुलिस आयुक्त से संपर्क किया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद 19 जून 2025 को डाक विभाग के माध्यम से पुनः शिकायत दर्ज की गई। अब उन्होंने न्यायालय से थाना सरोजनीनगर में संजय दुआ के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज करने की मांग की है।शिव बहादुर सिंह ने माननीय न्यायालय से अनुरोध किया है कि संजय दुआ के खिलाफ धोखाधड़ी के लिए एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया जाए, ताकि उन्हें और उनके परिवार को न्याय मिल सके। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर लिया है।

दवा वितरक को धमकी व आर्थिक नुकसान, रिपोर्ट दर्ज

स्थानीय दवा वितरक अनिल कुमार दुबे ने इंटेक्स फार्मा प्राइवेट लिमिटेड के मालिक विश्वदीप बंसल और उनके भाई अमरदीप बंसल पर गंभीर आरोप लगाते हुए लखनऊ पुलिस आयुक्त को प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) दर्ज करने के लिए आवेदन दिया है। दुबे का आरोप है कि बंसल बंधुओं ने न केवल उनके साथ किए गए व्यापारिक समझौते का उल्लंघन किया, बल्कि उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी।अनिल कुमार दुबे, जो लाइफ केयर रेमेडीज नामक दवा फर्म के मालिक हैं, ने बताया कि 2016 में इंटेक्स फार्मा प्राइवेट लिमिटेड ने उन्हें लखनऊ क्षेत्र के लिए अपने उत्पादों का एकमात्र वितरक नियुक्त किया था। समझौते के तहत, कंपनी को लखनऊ क्षेत्र में कोई अन्य वितरक नियुक्त नहीं करना था और गुणवत्ता संबंधी शिकायतों पर दवाएं वापस लेनी थीं। हालांकि, दुबे का दावा है कि कंपनी ने उनके क्षेत्र में यू.पी. फार्मा डिस्ट्रीब्यूटर के माध्यम से कम कीमत पर दवाएं बेचीं, जिससे उनकी व्यावसायिक छवि और आय को भारी नुकसान हुआ।इसके अलावा, कंपनी का उत्पाद ‘Eldervit 12’ इंजेक्शन अयोध्या में औषधि विभाग द्वारा मानकों के उल्लंघन के कारण प्रतिबंधित कर दिया गया, जिससे दुबे को लगभग 4 करोड़ रुपये का दवा स्टॉक बेकार हो गया। दुबे ने इस स्टॉक को वापस लेने और 4 करोड़ 11 लाख रुपये (बकाया बोनस और भ्रमण राशि सहित) का भुगतान करने की मांग की, लेकिन विश्वदीप और अमरदीप बंसल ने कथित तौर पर उन्हें गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। विश्वदीप ने कथित रूप से कहा, “मैं तुम्हें बर्बाद कर दूंगा… 4 रुपये भी नहीं दूंगा,” और दिल्ली के एक जज और उसके परिवार के साथ हुई घटना का जिक्र कर डराया। अमरदीप ने भी इसी तरह की धमकियां दीं।
डरे-सहमे अनिल कुमार दुबे ने पुलिस आयुक्त से मांग की है कि विश्वदीप बंसल और अमरदीप बंसल के खिलाफ आपराधिक कृत्यों, धमकी और आर्थिक नुकसान के लिए सुसंगत धाराओं में FIR दर्ज की जाए। उन्होंने यह भी बताया कि विपक्षीगण कथित तौर पर ऊंची राजनीतिक पहुंच और आपराधिक प्रवृत्ति के हैं, जो पिछले दो महीनों से उन्हें और उनके परिवार को डरा-धमका रहे हैं।आवेदन में अनिल कुमार दुबे ने पुलिस महानिदेशक, आर्थिक अपराध शाखा, लखनऊ और सहायक पुलिस आयुक्त, कृष्णा नगर को भी प्रतिलिपि प्रेषित की है। मामला गंभीर होने के कारण पुलिस प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की उम्मीद की जा रही है। सरोजनीनगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर लिया है।

सरोजनीनगर में जमीन के नाम पर 14 लाख की ठगी,सैनिक पत्नी ने लगाई पुलिस से गुहार मुकदमा दर्ज

उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले की रहने वाली आशा यादव ने दक्षिणी लखनऊ थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उन्होंने विनय सिंह नामक व्यक्ति पर जमीन खरीदने के बहाने 14 लाख रुपये की ठगी का आरोप लगाया है। आशा, जो सेना में सिपाही के पद पर तैनात सुधांशु सिंह यादव की पत्नी हैं, ने बताया कि आरोपी विनय सिंह पुत्र जय प्रकाश ने उनके परिवार को विश्वास में लेकर यह रकम हड़प ली और अब लौटाने से इनकार कर रहा है।आशा यादव मूल रूप से ग्राम कोहरा, पोस्ट द्वारकागंज, जनपद सुल्तानपुर की निवासी हैं। उन्होंने अपनी शिकायत में कहा कि उनके पति का विनय के पिता जय प्रकाश से पुराना परिचय था, जिसके चलते परिवार ने मानवीय आधार पर आरोपी को कई बार समय दिया। लेकिन विनय ने झूठे वादों के साथ नकली चेक और आरटीजीएस/एनईएफटी का सहारा लिया। मार्च 2025 में एक समझौते (सुलह नामा) के तहत विनय ने दो-दो लाख के दो चेक दिए थे, जिन्हें मई 2025 से तीन महीने के अंदर भुनाना था। लेकिन चेक अपर्याप्त धनराशि के कारण लौट आए।शिकायत के अनुसार, आरोपी परिवार किराए के मकान में रहता था और अब घर बदल चुका है। फोन नंबरों (83186XXXXX, 63944XXXXX, 89310XXXXX) पर संपर्क करने पर कोई जवाब नहीं मिलता। आशा ने बताया कि विनय की पत्नी केरल मूल की हैं, जबकि पिता जय प्रकाश पेंशनभोगी हैं। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि आरोपी को गिरफ्तार कर रकम किस्तों में लौटाने का आदेश दिया जाए और जालसाजी के लिए कानूनी कार्रवाई की जाए।आशा ने भावुक होकर कहा, “मेरा जीवन अभी 26 वर्ष का ही है, लेकिन इस ठगी ने मुझे मानसिक रूप से तोड़ दिया है। कानून व्यवस्था पर भरोसा डगमगा रहा है। मैं नहीं चाहती कि कोर्ट-कचहरी के चक्कर लगाने पड़े, बस मेरा पैसा वापस हो।” उन्होंने एनसीआरबी (राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो) के तहत मामले की दर्ज करने की भी मांग की है। सरोजनीनगर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गुस्साएं व्यापारियों ने बंथरा कस्बे में रोका खुदाई का काम,पीएनसी कंपनी पर लगाया नाला निर्माण कार्य में लापरवाही का आरोप

लखनऊ-कानपुर हाईवे पर एलिवेटेड सड़क निर्माण के तहत पीएनसी कंपनी द्वारा बंथरा कस्बे में नाला निर्माण के लिए की जा रही खुदाई ने स्थानीय व्यापारियों का गुस्सा भड़का दिया है। गुरुवार को व्यापारियों ने मंझरिया हाउस, प्रकाश स्वीट हाउस से लेकर बराती लाल की दुकान तक चल रही नाला खुदाई का विरोध करते हुए पोकलैंड मशीनों का काम रोक दिया।लल्ला सिंह, राजेश गुप्ता, देवी शंकर गुप्ता, कृष्ण गोपाल, बृजेश द्विवेदी, विनय द्विवेदी, अनूप गुप्ता, देवेंद्र जायसवाल, संजय गुप्ता, राजन यादव, राजन गुप्ता और अनूप पटेल सहित कई व्यापारियों ने आरोप लगाया कि पीएनसी कंपनी जगह-जगह खुदाई कर छोड़ दे रही है, लेकिन नालों का निर्माण कार्य पूरा नहीं कर रही। गहरे गड्ढों के कारण लोगों के लिए खतरा बढ़ गया है, जिससे कोई भी हादसे का शिकार हो सकता है। साथ ही, इस लापरवाही से व्यापारियों का कारोबार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।व्यापारियों का कहना है कि पिछले दो वर्षों से हाईवे पर चल रहे एलिवेटेड सड़क निर्माण ने पहले ही उनके व्यापार को बर्बाद कर दिया है। अब नाला निर्माण में देरी और लापरवाही ने व्यवसाय को बंदी की कगार पर पहुंचा दिया है। उन्होंने मांग की है कि पहले खोदी गई जगहों पर नाला निर्माण पूरा किया जाए, उसके बाद ही नई खुदाई शुरू हो।विरोध प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों ने कंपनी अधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। स्थानीय प्रशासन ने अभी तक इस मामले पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है, लेकिन व्यापारियों का आंदोलन और तेज होने की संभावना है। यह घटना हाईवे परियोजना में ठेकेदारों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठा रही है, जिससे स्थानीय व्यापारियों और निवासियों को भारी नुकसान हो रहा है।

Aaj National

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *