LUCKNOW:भारत का संविधान हमारे लिए मार्गदर्शक ग्रंथ-महाना,क्लिक करें और भी खबरें

-विधानसभा में “विकसित भारत युवा संसद” का शुभारंभ

-ज्ञान तभी सार्थक है, जब वह समाज तक पहुंचे-महाना

  • REPORT BY:K.K.VARMA || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS DESK
लखनऊ । विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा कि हम सभी भारत के संविधान से बंधे हैं, जो हमारे लिए मार्गदर्शक ग्रंथ है। उन्होंने कहा कि “विकसित भारत युवा संसद” प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 के विजन का सशक्त प्रतिफल है, जिसके माध्यम से आज के युवाओं को भविष्य के भारत के निर्माण के लिए तैयार किया जा रहा है।
उत्तर प्रदेश विधानसभा मंडप में राज्य स्तरीय “विकसित भारत युवा संसद” का शुभारंभ अध्यक्ष सतीश महाना के मुख्य आतिथ्य में हुआ। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार गिरीश यादव, विधायक डॉ. सुरभि, नीरज बोरा एवं शशांक वर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। श्री महाना ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आने वाले समय में यही पीढ़ी देश की दिशा और दशा तय करेगी, इसलिए आज ही भविष्य की आकृति और स्वरूप पर गंभीरता से विचार करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सरकारों की जिम्मेदारी है कि वे आने वाली पीढ़ी के लिए विकास का मार्ग प्रशस्त करें और उनकी समस्याओं का समाधान करें।तकनीक के बढ़ते प्रभाव पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एआई का उपयोग सकारात्मक होना चाहिए, अन्यथा  भस्मासुर भी बन सकता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने विवेक और ज्ञान का सदुपयोग करें, समय का उचित प्रबंधन करें तथा निरंतर परिश्रम के माध्यम से अपने भविष्य को सुदृढ़ बनाएं।श्री महाना ने कहा कि ज्ञान तभी सार्थक है, जब वह समाज तक पहुंचे। जीवन में प्रतिबद्धता कमिटमेंट और इच्छाशक्ति सफलता के प्रमुख आधार हैं। युवाओं को संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि हमेशा जीतने के लिए कार्य करें, किसी को हराने के लिए नहीं, और अपनी योग्यता पर अहंकार से बचें।कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री  ब्रजेश पाठक ने युवाओं को देश का भविष्य बताते हुए कहा कि आज के युवाओं में अपार संभावनाएं हैं और सफलता के लिए जोखिम उठाना आवश्यक है। युवाओं को विनम्रता और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के दौरान “माय भारत” से जुड़े अधिकारियों द्वारा समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। क्षेत्रीय निदेशक अनिल सिंह एवं राज्य निदेशक गोपेश पांडे ने अतिथियों का स्वागत किया। इस राज्य स्तरीय युवा संसद में प्रदेश के 75 जनपदों से चयनित 375 युवा प्रतिभागी भाग ले रहे हैं, जो 1 से 3 मई  तक ‘केंद्रीय बजट 2026: विकसित भारत 2047 की ओर भारतीय युवाओं के मार्ग को सुदृढ़ बनाना’ विषय पर अपने विचार प्रस्तुत करेंगे। प्रतियोगिता के विजेताओं को राष्ट्रीय स्तर पर उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्राप्त होगा। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत पुनः विश्व को मार्गदर्शन देने वाला राष्ट्र बनेगा और युवा इस लक्ष्य की प्राप्ति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

यूथ पार्लियामेंट में सहभागिता अवसर नहीं  गौरव का क्षण 

-ऐसी पहल युवाओं में पैदा करती देश की राजनीति के प्रति जागरूकता 

‘विकसित भारत युवा संसद’में शामिल हुए युवाओं ने अपने अनुभव और विचार साझा किये जो उनकी उत्सुकता और जागरूकता का परिचायक हैं। इटावा के प्रदीप गुप्ता की पुत्री सौम्या गुप्त ने कहा कि विधान सभा में  यूथ पार्लियामेंट में सहभागिता एक अवसर नहीं बल्कि गौरव का वह क्षण था जिसने मेरे भीतर जिम्मेदारी और राष्ट्रभक्ति की भावना को और प्रखर किया। युवा विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने का आधार है और इसी युवा शक्ति की आवाज सम्पूर्ण देश में पहुंचाने का अवसर उत्तर प्रदेश विधान सभा ने दिया है जिसके लिए हम कृतज्ञ है।
वहीजौनपुर की प्रांशी उपाध्याय ने बताया, ‘विकसित भारत युवा संसद 2026’ के पहले दिन विधान सभा की कार्यवाही को इतने करीब से देखना मेरे लिए एक अद्भुत अनुभव रहा। एक युवा के तौर पर सदन के भीतर बैठना और विधायी कामकाज के तौर-तरीकों को समझना वाकई गौरवपूर्ण था। कार्यक्रम में  मंत्रियों के उद्बोधन से केंद्रीय बजट 2026-27 के दूरगामी लक्ष्यों को समझने का अवसर मिला। सदन में बैठकर मैंने बहुत कुछ सीखा।  विधान सभा का अनुशासन और वहां की गरिमा ने मुझे अत्यंत प्रभावित किया। सहारनपुर के आर्यव्रत्त बताते हैं कियुवा संसद का अनुभव मेरे लिए अत्यंत प्रेरणादायक और ज्ञानवर्धक रहा। इस मंच पर मुझे अपने विचार रखने, लोकतांत्रिक प्रक्रिया को समझने और नेतृत्व क्षमता को निखारने का अवसर मिला।
आगरा के अमन सिकरवार बोले मुझे आज अत्यंत गौरवान्वित महसूस हो रहा है कि मैं देश की सबसे बड़ी विधानसभा में अपने जनपद का प्रतिनिधित्व कर पाया। इस पहल से युवाओं में देश की राजनीति और देश में हो रहे कार्यों के प्रति जागरूकता बढ़ती है तथा उनसे जुड़ाव का भाव उत्पन्न होता है।  हाथरस के शुभम बोले,जब मैं विधान सभा जैसी पावन जगह पर पहुँचा, तो मुझे अपने आप पर बहुत गर्व महसूस हुआ। मैं वहाँ एक प्रतिभागी के रूप में उपस्थित था, परंतु वहाँ पहुँचकर मुझे एक नेता की तरह महसूस हुआ। आगरा की कनक चौहान ने कहा, उपमुख्यमंत्री  ब्रजेश पाठक तथा विधान सभा अध्यक्ष के समक्ष अपने विचार प्रस्तुत करना मेरे लिए अत्यंत अद्भुत और गौरवपूर्ण अनुभव रहा। पूरे उत्तर प्रदेश से आए युवाओं को केंद्रीय बजट 2026 और विकसित भारत 2047 के लक्ष्यों की दिशा में इतनी समर्पित भावना के साथ अपने विचार साझा करते देखना अत्यंत प्रेरणादायक लगा।

श्रमिक दिवस: पराग फैक्ट्री, चक गंजरिया में श्रमिकों का सम्मान

-वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी की आधारशिला हैं हमारे श्रमिक-धर्मपाल
-पराग उत्पादों की बेहतर मार्केटिंग की जाए और नए उत्पादन लॉन्च किए जाएं

अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने आज यहां प्रादेशिक कोऑपरेटिव मिल्क यूनियन के चक गंजरिया स्थित पराग फैक्ट्री में कार्यक्रम में कहा कि उत्तर प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी बनाने की आधारशिला हमारे श्रमिक ही हैं। बिना श्रमिकों के कोई भी अर्थव्यवस्था आगे बढ़ नहीं सकती। इस अवसर पर उन्होंने फैक्ट्री में कार्यरत श्रमिकों को सम्मानित किया तथा उनके योगदान की सराहना की। श्री सिंह ने सभी के साथ बैठकर भोजन भी किया और पराग को परिवार की तरह मानकर  प्रेम,सद्भाव और उत्साह के साथ कार्य करने की अपील भी श्रमिकों कर्मचारियों से की।

श्री सिंह ने कहा कि प्रदेश के औद्योगिक एवं दुग्ध विकास में श्रमिकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनके परिश्रम और समर्पण से ही उत्पादन में निरंतर वृद्धि संभव हो पाती है। उन्होंने कहा कि दुग्ध उत्पादन क्षमता में और अधिक वृद्धि तथा प्रदेश की दुग्ध उत्पादन व्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का दायित्व हम सबका है। आधुनिक तकनीकों के उपयोग और श्रमिकों की दक्षता बढ़ाने से दुग्ध उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि संभव है, जिससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। ‘पराग’ ब्रांड ने प्रदेश में दुग्ध क्षेत्र को नई पहचान दिलाई है और इसके उत्थान में यहां कार्यरत श्रमिकों की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही है। श्रमिकों के अथक परिश्रम से पराग उत्पादों की गुणवत्ता और उत्पादन क्षमता में निरंतर वृद्धि हुई है, जिससे प्रदेश के दुग्ध उत्पाद देशभर में अपनी मजबूत पहचान बना रहे हैं।श्री सिंह ने पराग प्लांट का निरीक्षण भी किया। उन्होंने निर्देश दिए कि दुग्ध प्लांट पेशेवर तरीके से पूरी क्षमता के साथ चलाए जाएं। पराग उत्पादों की मार्केटिंग को सुदृढ़ किया जाए, गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन हो तथा नए उत्पाद शीघ्र बाजार में लाए जाएं। उन्होंने सख्त रूप से कहा कि दूध में किसी भी प्रकार की मिलावट या अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर पशुधन एवं दुग्ध विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव मुकेश कुमार मेश्राम ने कहा कि श्रमिक किसी भी संस्था की रीढ़ होते हैं और उनके परिश्रम के बिना उत्पादन प्रणाली सशक्त नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि विभाग श्रमिकों के कौशल विकास, कार्यस्थल की बेहतर सुविधाओं तथा उनके कल्याण के लिए निरंतर प्रयासरत है।

इस अवसर पर पराग के प्रबंध निदेशक  वैभव श्रीवास्तव ने फैक्ट्री प्रबंधन एवं अन्य अधिकारियों ने भी श्रमिकों को अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस की शुभकामनाएं दीं और उनके योगदान की सराहना की। कार्यक्रम में पराग के महाप्रबंधक इन्द्रभूषण सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रमिक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।इस अवसर पर मनोज मौर्य, हरीश दुबे, अभिषेक सिंह, राम बक्श, सोनू सिंह, विजय कुमार, हर्ष पांडे, मनोज कुमार सिंह, भगवती प्रसाद तथा बृजलाल यादव आदि कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।

ग्रामीण प्रतिभाओं को प्रोत्साहन, मेधावी छात्र सम्मानित

मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान राष्ट्र निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, जिससे समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण का निर्माण होता है। प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल ने सुलतानपुर में छात्रवृत्ति वितरण एवं सम्मान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाते हैं तथा उनमें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे शिक्षा एवं सामाजिक सेवा का प्रेरणादायी संगम बताया और युवाओं से आधुनिक तकनीक एवं शिक्षा से जुड़ने का आह्वान किया।मंत्री अग्रवाल ने “श्री राधेश्याम त्रिपाठी छात्रवृत्ति वितरण एवं सम्मान समारोह-2026” में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग करते हुए मेधावी छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति एवं सम्मान प्रदान किया।  कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ अधिवक्ता राम मिलन त्रिपाठी ने की, जबकि संचालन सत्यपथ फाउंडेशन के सीईओ राम विनय सिंह द्वारा किया गया।  शिक्षा एवं समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मानित किया ।

बुद्ध के मार्ग पर चलकर ही विश्व में शांति संभव-केशव

-प्रधानमंत्री मोदी जी वैश्विक स्तर पर पहुंचा रहे भगवान बुद्ध के संदेश

उप मुख्यमंत्री  केशव प्रसाद मौर्य ने बुद्ध पूर्णिमा पर कुशीनगर में आयोजित 2570 वीं बुद्ध पूर्णिमा समारोह को बतौर मुख्य  अतिथि सम्बोधित करते हुए कहा कि भगवान तथागत बुद्ध का शांति, करुणा और अहिंसा का संदेश आज पूरे विश्व के लिए पहले से अधिक प्रासंगिक है। वर्तमान समय में जब विश्व युद्ध और अशांति की विभीषिका से जूझ रहा है, तब भगवान बुद्ध के बताए मार्ग पर चलकर ही स्थायी शांति स्थापित की जा सकती है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान तथागत बुद्ध ने मानवता को शांति का मार्ग दिखाया और भारत ने विश्व को युद्ध नहीं, बल्कि बुद्ध का संदेश दिया है। प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज वैश्विक स्तर पर भगवान बुद्ध की शिक्षाओं को नए विस्तार के साथ स्थापित कर रहा है।श्री मौर्य ने कार्यक्रम में उपस्थित पूज्य भंतेगणों, बौद्ध अनुयायियों एवं जनप्रतिनिधियों का अभिनंदन करते हुए बुद्ध पूर्णिमा की शुभकामनाएं दीं।  कुशीनगर, श्रावस्ती, सारनाथ, संकिसा, कौशांबी सहित भगवान बुद्ध से जुड़े सभी पवित्र स्थलों का अभूतपूर्व विकास डबल इन्जन  सरकार मे हुआ है। एयर, रोड और रेल कनेक्टिविटी को सुदृढ़ कर इन स्थलों को वैश्विक बौद्ध पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाई गई है। कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को और अधिक सक्रिय बनाए जाने के लिए प्रदेश सरकार पूरी गंभीरता से प्रयासरत है, ताकि विश्वभर से आने वाले बौद्ध श्रद्धालुओं को अधिक सुविधा मिल सके।

उप मुख्यमंत्री ने अपने रूस प्रवास का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेष लेकर रूस के काल्मिकिया गणराज्य भेजा था। वहां जिस प्रकार श्रद्धा और सम्मान के साथ भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों का स्वागत हुआ, वह भारत की आध्यात्मिक शक्ति और भगवान बुद्ध के प्रति वैश्विक आस्था का प्रमाण है।  40 बौद्ध देशों के साथ भारत के संबंधों की गहराई बढ़ाने में भगवान बुद्ध की शिक्षाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्हें सम्राट चंद्रगुप्त मौर्य एवं सम्राट अशोक महान की गौरवशाली विरासत पर गर्व है। सम्राट अशोक ने भगवान बुद्ध के संदेश को विश्वभर में पहुंचाया था और आज प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी उसी विरासत को आगे बढ़ाते हुए विश्व शांति और मानव कल्याण के लिए कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भगवान बुद्ध की चर्चा भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के उल्लेख के बिना अधूरी है। बाबा साहब ने भगवान बुद्ध के विचारों को सामाजिक समरसता और न्याय के साथ जोड़ा तथा समाज को नई दिशा दी।उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के साथ बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर कुशीनगर स्थित महापरिनिर्वाण मंदिर में करुणावतार भगवान बुद्ध के दर्शन किये। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने महापरिनिर्वाण मंदिर कुशीनगर में संपूर्ण विश्व को अहिंसाऔर शांति का मार्ग दिखाने वाले भगवान बुद्ध जी को नमन करते हुये उनके करूणा व शान्ति के सन्देश को जन जन तक पहुंचाने की अपील की।

गुजरात दिवस पर एलयू द्वारा टीबी मरीजों को पोषण पोटली वितरण

राज्यपाल एवं लखनऊ विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल के निर्देशों के अनुपालन में गुजरात दिवस के अवसर पर लखनऊ विश्वविद्यालय द्वारा टीबी मरीजों के लिए पोषण सहायता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समाज कार्य विभाग स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय शोध पीठ के तत्वावधान में स्थानीय भाऊराव देवरस सिविल अस्पताल में प्रधानमंत्री राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत मरीजों को पोषण पोटली वितरित की गई।कार्यक्रम के अंतर्गत वितरित पोषण पोटली में सत्तू, हॉर्लिक्स, भुने चने, चिक्की एवं मूंगफली के दानों का समावेश किया गया, जो टीबी मरीजों के लिए आवश्यक पोषण प्रदान करने में सहायक हैं। इस पहल का उद्देश्य टीबी जैसे गंभीर रोग से जूझ रहे मरीजों को पोषण सहयोग प्रदान करते हुए उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ में सहायता करना है।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित चिकित्सकों एवं विशेषज्ञों ने मरीजों को नियमित रूप से दवाओं का सेवन करने, संतुलित आहार लेने तथा स्वच्छ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि टीबी उन्मूलन केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए समाज के सामूहिक सहयोग एवं जागरूकता की भी आवश्यकता है।इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी आरके दीक्षित ने बताया कि उचित पोषण टीबी उपचार की प्रक्रिया का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिससे मरीजों की रोग प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि होती है। चिकित्साधिकारी डॉ. मनीष शुक्ला ने भी मरीजों को उपचार के प्रति सतर्क रहने और स्वास्थ्य संबंधी निर्देशों का पालन करने की सलाह दी।कार्यक्रम में टीबी इकाई से अखिलेश श्रीवास्तव, लखनऊ विश्वविद्यालय से डॉ. रोहित मिश्र एवं डॉ. निरंजन कुमार तिवारी सहित समाज कार्य विभाग के छात्र-छात्राएं अज़रा, सुहानी और विवेक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से सेवा, सहानुभूति एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के मूल्यों को भी सुदृढ़ करने का प्रयास किया गया।

श्रमिक संवाद कार्यक्रम: अधिकारों एवं राष्ट्रीय लोक अदालत की दी गई जानकारी

उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ की कार्ययोजना वर्ष 2026-27 के अनुपालन में अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर एक  मई को जिला विधिक सेवा प्राधिकरणलखनऊ एवं विज्ञान फाउंडेशन के संयुक्त तत्वाकिया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कुँवर मित्रेश सिंह कुशवाहा ने की।

कार्यक्रम के दौरान सचिव  ने उपस्थित श्रमिकों को अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि श्रमिक वर्ग देश की प्रगति की आधारशिला है, जो खेत-खलिहानों से लेकर बड़े उद्योगों, सड़कों और निर्माण कार्यों तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने श्रमिकों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए विभिन्न विधिक सेवाओं एवं सहायता योजनाओं की जानकारी प्रदान की।इस अवसर पर श्रम प्रवर्तन अधिकारी श्री शरद कुमार यादव ने भी श्रमिकों को श्रम कानूनों एवं सुरक्षा प्रावधानों के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम में उपस्थित श्रमिकों को आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत 9 मई के आयोजन के संबंध में विस्तार से अवगत कराया गया तथा अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की गई।कार्यक्रम में विज्ञान फाउंडेशन के कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में श्रमिक उपस्थित रहे। संवाद कार्यक्रम के माध्यम से श्रमिकों में विधिक जागरूकता बढ़ाने तथा उनके अधिकारों के संरक्षण हेतु महत्वपूर्ण संदेश दिया गया।

किसानों की समृद्धि सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता- शर्मा

ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने मऊ में राजेंद्र नगर दरगाह स्थित राजकीय गेहूं क्रय केंद्र का शुभारंभ किया। श्री शर्मा ने बंद पड़ा दुवारी क्रय केंद्र आरंभ कराया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की उन्नति, समृद्धि और आत्मनिर्भरता के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा उन्हें हर संभव सहयोग प्रदान किया जा रहा है। श्री शर्मा ने कहा कि गेहूं क्रय केंद्रों की स्थापना से किसानों को अपनी उपज बेचने में पारदर्शी और सुगम व्यवस्था उपलब्ध हो रही है। अब किसानों को बिचौलियों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा और वे अपनी फसल को सीधे न्यूनतम समर्थन मूल्य एमएसपी पर सरकारी केंद्रों को बेच सकेंगे, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी। यह क्रय केंद्र क्षेत्र के किसानों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होगा। इसके संचालन से आसपास के गांवों के किसानों को समय, लागत और संसाधनों की बचत होगी तथा उन्हें अपनी उपज का उचित मूल्य समय पर प्राप्त होगा। सरकार का उद्देश्य है कि प्रत्येक किसान को उसकी मेहनत का सही मूल्य मिले और कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाकर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाए। सरकार किसानों की समृद्धि के लिए निरंतर प्रयासरत है और उनके हित के डबल इंजन की सरकार द्वारा  कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।कार्यक्रम में सभापति कांति मिश्रा सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं किसान उपस्थित रहे।

पृथ्वीराज चौहान का जीवन आज भी प्रेरणास्रोत-  शर्मा

नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री  एके शर्मा ने मऊ के इब्राहिमाबाद सूरजपुर में  सम्राट पृथ्वीराज चौहान जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की। श्री शर्मा ने कहा कि सम्राट पृथ्वीराज चौहान का जीवन अदम्य साहस, पराक्रम और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। उन्होंने अपने जीवन के अंतिम क्षण तक मोहम्मद गोरी के विरुद्ध संघर्ष किया और अपनी संस्कृति एवं धर्म की रक्षा के लिए सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। उनका जीवन आज की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक है। इतिहास हमें न केवल गौरव का बोध कराता है, बल्कि उससे सीख लेकर आगे बढ़ने की प्रेरणा भी मिलती है। उन्होंने समाज में एकता बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि हमें आपसी भाईचारे को मजबूत करना चाहिए और किसी भी प्रकार के विश्वासघात से सतर्क रहना चाहिए। जनता को ठगने एवं भ्रमित करने वाले लोगों से सावधान रहना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि समाज को जागरूक रहकर सही दिशा में आगे बढ़ना होगा, तभी वास्तविक विकास संभव है। श्री शर्मा ने मऊ के विकास को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।इस अवसर पर समाजसेवी संत देव चौहान, संतोष चौहान, जनप्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Aaj National

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *