LUCKNOW:अखिलेश यादव राज में ‘कटियाबाजों’ को मिला संरक्षण-ए.के. शर्मा

-अखिलेश सरकार ने किया बिजली ईको सिस्टम में ‘बबूल’ बोने का काम 

-खराब ट्रांसफॉर्मर और जर्जर तार सपा की देन,यूपी में 165 लाख नए बिजली कनेक्शन का  रिकॉर्ड

  • REPORT BY:AAJ NATIONAL NEWS || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS DESK 
लखनऊ । प्रदेश भर में अज्ञात लोगों द्वारा समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव को ‘कटियाबाज’ बताते हुए लगाए गए पोस्टरों के बीच अब योगी सरकार के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने भी सपा पर तीखा हमला बोला है। सपा राज में बिजली व्यवस्था को लेकर ऊर्जा मंत्री ने कहा कि सपा सरकार ने प्रदेश के बिजली तंत्र को पूरी तरह बर्बाद करने का काम किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा शासन में नेताओं, गुंडों और माफियाओं को ‘कटिया मारकर बिजली चलाने’ का खुला लाइसेंस दे दिया गया था।
ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने कहा कि अखिलेश यादव ने अपने कार्यकाल में प्रदेश के पूरे बिजली ईको सिस्टम में ‘बबूल’ बोने का काम किया।ऊर्जा मंत्री ने सबसे बड़ा हमला बिजली चोरी को लेकर बोला। उन्होंने कहा कि सपा शासन में नेताओं और उनके करीबी लोगों को कटियाबाजी कर मुफ्त बिजली बांटने की खुली छूट थी। ‘हर जगह इनके गुंडे और माफिया बिजली के वितरक बन गए थे। खुद कटियाबाजी करते थे और दूसरों को भी कटियाबाजी करवाते थे।’ उन्होंने दावा किया कि संभल और मथुरा समेत कई जिलों में सुनियोजित ढंग से बिजली चोरी कराई जाती थी, लेकिन योगी सरकार ने ऐसे कटियाबाजों पर कड़ी कार्रवाई कर लगाम लगाने का काम किया।ऊर्जा मंत्री ने कहा कि सपा सरकार के समय लगाए गए ट्रांसफॉर्मर, तार और खंभे बेहद खराब गुणवत्ता के थे, जो आए दिन फुंक जाते थे। आज भी प्रदेश जिन खराब तारों और जर्जर खंभों की समस्या से जूझ रहा है, वह सपा सरकार की ही देन है।
योगी सरकार ने पिछले वर्षों में बिजली व्यवस्था में बड़े सुधार किए हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश को बेहतर बिजली ढांचा देने का काम लगातार जारी है। योगी सरकार ने इन भ्रष्ट व्यवस्थाओं को सुधारने का बीड़ा उठाया है। तकनीकी सुधारों और डिजिटल सिस्टम के जरिए मानवीय हस्तक्षेप कम किया गया ताकि भ्रष्टाचार पर रोक लग सके और जनता को राहत मिले।एके शर्मा ने आरोप लगाया कि सपा सरकार ने बिजली खरीद में भी घोटाले किए। उन्होंने कहा कि आज सरकार जिस दर पर बिजली खरीद रही है, उससे भी ज्यादा महंगी दरों पर सपा सरकार ने बिजली खरीद के करार किए थे। इसका खामियाजा आज भी प्रदेश की जनता भुगत रही है और आने वाले वर्षों तक लोगों को इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी। बिना मेरिट और गलत तरीके से भर्तियां की गईं, जिसके चलते भ्रष्टाचार की जड़ें मजबूत हुईं। ऐसे कर्मचारियों ने पहले दिन से ही जनता को लूटने का काम शुरू कर दिया था और हर स्तर पर उपभोक्ताओं का शोषण हुआ। सपा सरकार पर बिजली विभाग के कर्मचारियों के भविष्य निधि घोटाले का भी आरोप लगाया।  हजारों करोड़ रुपये का पीएफ गलत जगह निवेश कर कर्मचारियों का पैसा डुबाने की कोशिश की गई। यही कारण था कि बिजली कर्मियों में असुरक्षा और भ्रष्टाचार बढ़ा।

बिजली क्षेत्र में सरकार की बड़ी उपलब्धियां

ऊर्जा विभाग की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए सरकार ने दावा किया कि प्रदेश में अब जनपद मुख्यालयों को 24 घंटे, तहसील मुख्यालयों को 22 घंटे और ग्रामीण क्षेत्रों को 20 घंटे बिजली आपूर्ति हो रही है।  2017 से नवंबर 2025 तक 15.87 लाख नए डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफार्मर लगाए गए और 765 नए 33/11 केवी सब-स्टेशन बनाए गए। प्रदेश की अधिकतम बिजली मांग 31,486 मेगावाट तक पहुंची है। सरकार ने 165 लाख नए बिजली कनेक्शन दिए, 59 लाख से अधिक स्मार्ट मीटर लगाए और 26 हजार किलोमीटर से ज्यादा पारेषण लाइन का विस्तार किया। सौभाग्य योजना के तहत 2.86 करोड़ से अधिक परिवारों को लाभान्वित किया गया और ग्रामीण क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर निजी नलकूपों को बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराए गए।

शिक्षित भारत ही विकसित भारत की नींव- शर्मा

-मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर बेटियों की शिक्षा पर दिया विशेष जोर

नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री  एके शर्मा ने वर्चुअल माध्यम से सुभागी देवी इंटर कॉलेज दुबारी मोड़ मधुबन मऊ में प्रतिभा सम्मान समारोह–2026 में सहभागिता की। उन्होंने उपस्थित प्रबंधक प्रधानाचार्य, शिक्षक अभिभावक, नागरिकों एवं छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए मेधावी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
हाई स्कूल परीक्षा–2026 में प्रतीक्षा पांडेय ने 97.17 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में चौथा स्थान प्राप्त किया, जबकि गरिमा मौर्य ने 96.17 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में दसवां स्थान हासिल किया। पूजा साहनी ने 95.66 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में छठवां स्थान प्राप्त किया।इंटरमीडिएट परीक्षा–2026 में अंशिका यादव ने जिले में तीसरा स्थान, दीपिका पटेल ने जिले में आठवां स्थान तथा महिमा विश्वकर्मा ने जिले में दसवां स्थान प्राप्त कर विद्यालय एवं जनपद का गौरव बढ़ाया। श्री शर्मा ने प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा ही व्यक्ति, समाज और राष्ट्र के विकास का सबसे मजबूत माध्यम है। यदि बच्चे संकल्प लेकर पढ़ाई करें और अभिभावक उनका पूरा सहयोग करें तो वे जीवन में किसी  ऊंचाई को प्राप्त कर सकते हैं। अभिभावकों से विशेष आग्रह किया कि बेटियों को भी बेटों के समान शिक्षा के अवसर दें और उन्हें आगे बढ़ाने में पूरा सहयोग करें।
बेटियां हर क्षेत्र में सफलता का परचम लहरा रही हैं और परिवार व समाज का नाम रोशन कर रही हैं। आज का युग शिक्षा, विज्ञान एवं तकनीक का युग है। यदि हमारे बच्चे अच्छी शिक्षा प्राप्त करेंगे तो वे डॉक्टर, वैज्ञानिक, इंजीनियर, पायलट तथा विभिन्न क्षेत्रों में देश का नेतृत्व करेंगे। विकसित भारत का सपना शिक्षित भारत से ही साकार होगा। तकनीक, ऊर्जा, एविएशन, स्पेस एवं अन्य सभी क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए शिक्षा सबसे महत्वपूर्ण साधन है। प्रत्येक अभिभावक को बच्चों की शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए ताकि आने वाली पीढ़ी देश और समाज के विकास में योगदान दे सके।

Aaj National

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *