मोहनलालगंज:गुस्सा बना कत्ल की वजह, जीजा-साले ने उतारा था सचिन को मौत के घाट,क्लिक करें और भी खबरें

-फ्री में सामान लेना, धमकी देना और रुपये छीनना पड़ा भारी, शराब पार्टी के बहाने बुलाकर मारी थी गोली,आरोपी जीजा साले गिरफ्तार

  • REPORT BY:AAJ NATIONAL NEWS|| EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS DESK

लखनऊ । दबंगई, धमकी और लगातार हो रही बेइज्जती का गुस्सा आखिरकार खूनी वारदात में बदल गया। सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में युवक सचिन यादव की हत्या का पुलिस ने गुरुवार को खुलासा करते हुए आरोपी जीजा-साले को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त अवैध देशी तमंचा, खोखा कारतूस और मृतक के दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।

डीसीपी अमित कुमार आनंद ने बताया कि बीते मंगलवार को अवध विहार योजना के पास खाली मैदान में युवक का शव मिला था। उसकी कनपटी पर गोली मारी गई थी। मृतक की पहचान सचिन यादव निवासी रेवतापुर सकुरपुर थाना पीजीआई के रूप में हुई थी। मृतक के भाई जितेंद्र यादव की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस और सर्विलांस टीमों को हत्या की घटना के खुलासे के लिये लगाया गया था।जांच के दौरान टीमो को पता चला कि आरोपी कमल सिंह यादव उर्फ टिंकू निवासी देवाम ऊ थाना सुशान्त गोल्फ सिटी और उसका साला संतोष यादव निवासी धावाहार थाना सुशांत गोल्फ सिटी वारदात वाले दिन उसी इलाके में शराब और मुर्गा पार्टी कर रहे थे। हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो दोनों टूट गए और हत्या की पूरी कहानी सामने आ गई।पूछताछ में कमल सिंह यादव ने बताया कि उसके भाई का साले संतोष यादव भट्ठा चौराहे पर पान की गुमटी चलाता था। सचिन यादव अक्सर वहां पहुंचकर फ्री में सामान उठा लेता था, पैसे मांगने पर धमकी देता था और कई बार रुपये भी छीन लेता था।

दबंगई और रोज-रोज की बेइज्जती से संतोष इतना परेशान हो गया कि उसे अपनी गुमटी तक बंद करनी पड़ी।साले संतोष की परेशानी और अपमान से नाराज जीजा कमल सिंह यादव के भीतर भी गुस्सा भर गया। दोनों ने मिलकर सचिन को रास्ते से हटाने की साजिश रची। 3 मई को उसे शराब और मुर्गा पार्टी के बहाने सचिन को बुलाकर खूब शराब पिलाई। जब वह नशे में धुत हो गया तो अवध विहार योजना के पास खाली मैदान में ले जाकर कनपटी पर तमंचा सटाकर गोली मार दी और तंमचा कुछ दूरी पर छुपाकर मौके से फरार हो गए।पुलिस ने आरोपियो की निशानदेही पर आलाकत्ल अवैध तंमचा व एक खोखा कारतूस व मृतक के दोनो मोबाइल फोन बरामद किये।डीसीपी अमित कुमार आनंद ने बताया कि हत्याकांड का सफल अनावरण करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देने की घोषणा की गई है।

-स्कूल चलो अभियान के साथ हेल्थ ड्राइव, 250 से अधिक बच्चों को किया जागरूक

-रामदासपुर व नंदौली के सरकारी स्कूलों में शिक्षा और दंत स्वास्थ्य पर विशेष कार्यक्रम हुआ आयोजित, डॉ. अदिति शुक्ला ने बच्चों को बताए ओरल हेल्थ के टिप्स

ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को शिक्षा के प्रति जागरूक करने और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं से जोड़ने के उद्देश्य से गुरुवार को विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। सरल केयर फाउंडेशन द्वारा पावर विंग फाउंडेशन  के सहयोग से “स्कूल चलो अभियान” और “स्कूल हेल्थ ड्राइव” कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम के तहत प्राथमिक विद्यालय रामदासपुर एवं बेसिक विद्यालय नंदौली में अध्ययनरत बच्चों को शिक्षा का महत्व बताते हुए नियमित रूप से विद्यालय आने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही बच्चों और अभिभावकों को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं, ताकि छोटी उम्र से ही बच्चे स्वास्थ्य के प्रति सजग बन सकें।कंचन मुस्कान क्लीनिक की डेंटिस्ट डॉ. अदिति शुक्ला ने बच्चों को दांतों की सही देखभाल, नियमित ब्रश करने की आदत, खानपान से होने वाले दंत रोगों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने सरल भाषा में बच्चों को ओरल हेल्थ का महत्व समझाते हुए दांतों को स्वस्थ रखने के तरीके बताए।इस दौरान बच्चों के बीच ओरल हेल्थ से जुड़ी उपयोगी सामग्री का नि:शुल्क वितरण भी किया गया। सरल केयर फाउंडेशन की अध्यक्ष रीता सिंह ने बताया कि दोनों विद्यालयों के 250 से अधिक बच्चों एवं अभिभावकों को जागरूक किया गया और दंत परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।कार्यक्रम के अंत में रामदासपुर प्रधान राज कुमार पांडे ने डॉ. अदिति शुक्ला को सम्मानित किया। इस मौके पर नंदौली प्रधान रीना सिंह, समाजसेवी आईपी सिंह, शिक्षक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में बच्चे मौजूद रहे।

छह माह बाद फिर दौड़ी इलेक्ट्रॉनिक सिटी बसें, यात्रियों के चेहरे खिले चेहरे

-परिवहन मंत्री ने दिए निर्देश,मोहनलालगंज बस स्टॉप से दोबारा शुरू हुआ सिटी बसो का संचाल

मोहनलालगंज कस्बे के हजारों दैनिक यात्रियों के लिए बुधवार का दिन बड़ी राहत लेकर आया। करीब छह माह से बंद पड़ी दुबग्गा डिपो की इलेक्ट्रॉनिक सिटी बसों का संचालन एक बार फिर मोहनलालगंज बस स्टॉप से शुरू हो गया। बसों के दोबारा चलने से यात्रियों में खुशी की लहर दौड़ गई। बताया गया कि  यात्रियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए परिवहन मंत्री दया शंकर सिंह  ने विभागीय अधिकारियों को बसों का संचालन दोबारा शुरू कराने के निर्देश दिए थे। ज्ञात हो कि करीब छह माह पहले परिवहन विभाग ने उच्चाधिकारियों के आदेश का हवाला देते हुए मोहनलालगंज कस्बे तक आने वाली इलेक्ट्रॉनिक सिटी बसों का संचालन बंद कर दिया था। इसके बाद बसों को मोहनलालगंज से लगभग दो किलोमीटर पहले गोपालखेड़ा पुल से ही वापस लखनऊ भेजा जाने लगा था। यात्रियों को नगर पंचायत सीमा पर उतार दिया जाता था, जिससे उन्हें आगे का सफर तय करने के लिए दूसरे साधनों का सहारा लेना पड़ता था।

दुबग्गा डिपो की इलेक्ट्रॉनिक सिटी बसें बीते कई वर्षों से अवध हॉस्पिटल चौराहा, बंगला बाजार, तेलीबाग, उतरेठिया और पीजीआई होते हुए मोहनलालगंज बस स्टॉप तक संचालित होती रही हैं। इन बसों से प्रतिदिन लगभग पांच हजार यात्री सफर करते हैं। बस सेवा बंद होने से नौकरीपेशा लोगों, छात्रों और ग्रामीण यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। बुधवार को जैसे ही मोहनलालगंज बस स्टॉप से दोबारा सिटी बसों का संचालन शुरू हुआ, यात्रियों के चेहरे खिल उठे। क्षेत्रीय लोगों और दैनिक यात्रियों ने परिवहन मंत्री दया शंकर सिंह  का आभार जताया।

मोहनलालगंज से तेलीबाग का पांच रूपये किराया भी घटाया..

मोहनलालगंज कस्बे से बुद्ववार को इलेक्ट्रानिक सिटी बसो का संचालन शुरू किये जाने के साथ ही मोहनलालगंज से तेलीबाग तक इलेक्ट्रानिक सिटी बस का किराया पहले 30रूपये था उसे कम कर 25रूपये कर दिया गया।इस तरह किराये में पांच रूपये की कटौती की गयी।

सभी डिपो की बसे मोहनलालगंज बस स्टाप से होकर जायेगी..

अधिकारियो ने बताया लखनऊ-रायबरेली-इलाहाबाद रूट पर चलने वाली चारबाग,आलमबाग,इलाहाबाद व रायबरेली डिपो की बसे अब मोहनलालगंज बस स्टाप पर एक मिनट का स्टाप लेकर अपने गतव्य को जायेगी‌।इससे यात्रियो को और सहूलियत मिलेगी ओर उन्हे सड़को पर बस में बैठने के लिये परेशान नही होना पड़ेगा।

 

Aaj National

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *