LUCKNOW:साइबर पुलिस का बड़ा खुलासा: JS टावर से चल रहा था फर्जी कॉल सेंटर, 5 गिरफ्तार, अमूल-अमेजन के नाम पर ठगी

  • REPORT BY:AAJ NATIONAL NEWS || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS DESK 

लखनऊ। लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट की साइबर क्राइम सेल और साइबर थाने की संयुक्त टीम ने गोमती नगर के विभूतिखंड स्थित JS टावर से चल रहे एक फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है। नौकरी दिलाने के नाम पर देशभर के अभ्यर्थियों को ठगने वाले 5 शातिर अभियुक्तों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। मौके से 11 कीपैड फोन, 2 एंड्रॉयड फोन, लैपटॉप और सैकड़ों फर्जी लेटर बरामद हुए हैं।अमूल, अमेजन, इंफोसिस के नाम पर ठगी
पुलिस मुताबिक, पुलिस आयुक्त अमरेन्द्र कुमार सेंगर के निर्देश पर चलाए जा रहे साइबर अपराध अभियान के तहत ACP साइबर क्राइम के पर्यवेक्षण में कार्रवाई हुई। गिरफ्तार गैंग Fresherworld.com और Shine.com से नौकरी चाहने वालों का डेटा खरीदता था। फिर कॉल करके अमूल, अमेजन, इंफोसिस, फ्लिपकार्ट, मैनकाइंड, सुजुकी, पार्ले, सिप्ला जैसी बड़ी कंपनियों में अच्छी सैलरी की नौकरी का झांसा देता था।भरोसा दिलाने के लिए फर्जी जॉइनिंग लेटर, अप्रूवल लेटर और रजिस्ट्रेशन लेटर व्हाट्सएप पर भेजते थे। इसके बाद रजिस्ट्रेशन फीस, गेट-पास चार्ज, इंटरव्यू चार्ज के नाम पर पैसा फर्जी बैंक खातों में ट्रांसफर करा लेते थे। साइबर थाना में मु0अ0सं0 73/2026 धारा 318(4)/319(2)/336(2)/338/340(2)/3(5) BNS व 66D IT Act में केस दर्ज हुआ है।

गिरफ्तार अभियुक्त और बरामदगी

पुलिस ने JS टावर की चौथी मंजिल से मैनेजर जीशान खान निवासी हरदोई हाल लखनऊ, टीम लीडर सतीश पाल निवासी सुल्तानपुर और कॉलर सोनाली चौरसिया, शिवानी वर्मा, नीलू वर्मा निवासी उन्नाव को पकड़ा है। बरामदगी में 11 कीपैड फोन, 2 एंड्रॉयड फोन, 1 HP लैपटॉप, 102 वर्क डेटा शीट और 26 फर्जी जॉइनिंग/रजिस्ट्रेशन लेटर शामिल हैं। जांच में पता चला कि इन फोन नंबरों/IMEI पर NCRP पोर्टल पर देशभर से 60 से ज्यादा ऑनलाइन शिकायतें दर्ज हैं। लाखों की ठगी हो चुकी है।

पुलिस की अपील

अपर पुलिस उपायुक्त अपराध ने कहा कि नौकरी से पहले पैसे मांगने वाली कोई भी कॉल फर्जी है। OTP, CVV, PIN, पासवर्ड किसी से शेयर न करें। अनजान लिंक, APK फाइल या QR कोड स्कैन न करें। किसी भी साइबर ठगी पर तुरंत हेल्पलाइन 1930 या cybercrime.gov.in पर शिकायत करें। पुलिस ने बताया कि इस रैकेट में शामिल अन्य अज्ञात लोगों की तलाश जारी है और बरामद बैंक खातों की डिटेल से आगे की जांच की जा रही है।

Aaj National

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *