-जनता को ‘धन दोगुना’ करने का झांसा देकर की थी करोड़ों की ठगी
- REPORT BY:AAJ NATIONAL NEWS || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS DESK
लखनऊ।आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन (ई.ओ.डब्लू) नें जनता को ‘धन दोगुना’ करने का झांसा देकर करोड़ों की ठगी करने वाली कम्पनी का 25 हजार रूपये का इनामी डायरेक्टर को
गिरफ्तार किया है।
डीजी आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन नें बताया कि ईओडब्लू सेक्टर वाराणसी से सम्बंधित 25 हजार रूपये का इनामी आरोपी संतोष किशन सपकाले पुत्र किशन सपकाले, निवासी- एसआरपी ग्रुप-II, कामरेज, सूरत (गुजरात), हाल पता- बंगला नं. 06, मंगल दीप सोसाइटी, थाना उमरा, सूरत (गुजरात) को गुजरात के नेताजी सुभाष चन्द्र बोस उद्यान, जहांगीरपुरा, सूरत से गिरफ्तार किया गया है।पकड़ा गया आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदलकर गिरफ्तारी से बचने का प्रयास कर रहा था। उन्होंने बताया कि ईओडब्लू टीम नें लगातार प्रयास कर गिरफ्तारी सुनिश्चित की है।पकड़े गए आरोपी पर 25 हजार रूपये का इनाम घोषित था।पकड़े गये आरोपी के सहयोगियों द्वारा आस्था इंटरनेशनल लिमिटेड/आस्था गोट फार्मिंग इंडिया लिमिटेड के नाम से एक कम्पनी स्थापित की थी। कंपनी के मेमोरेण्डम ऑफ एसोसिएशन के अनुसार इसका कार्य पशुपालन एवं लाइव स्टॉक से संबंधित व्यवसाय दर्शाया गया था। किन्तु जांच में पाया गया कि कंपनी के डायरेक्टर्स द्वारा आपसी दुरभिसंधि कर आम जनता को भ्रमित करते हुए “धन दोगुना” करने के नाम पर निवेश योजनाएं संचालित की गईं।
डीजी ईओडब्ल्यू नें बताया कि बिना आरबीआई में पंजीकरण कराए गैर-बैंकिंग वित्तीय गतिविधियां संचालित करते हुए आरबीआई एक्ट का उल्लंघन किया गया। कंपनी द्वारा वाराणसी उत्तर प्रदेश सहित उड़ीसा, पश्चिम बंगाल एवं महाराष्ट्र में एजेंट व लीडर नियुक्त कर योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया तथा निवेशकों से बॉन्ड के माध्यम से धन एकत्रित किया गया।निवेशकों को 05 वर्ष में धन दोगुना करने का प्रलोभन दिया गया।किन्तु परिपक्वता अवधि पूर्ण होने पर धन वापसी नहीं की गई।
डीजी ईओडब्ल्यू नें बताया कि आरोपी जारी किए गए चेक भी बैंकों द्वारा बाउंस पाए गए। इस प्रकार आम जनता से लगभग 3,61,42,005 रूपये की धनराशि का गबन किया गया। इस प्रकरण में नामजद एवं प्रकाश में आए आरोपियों की गिरफ्तारी पूर्ण की जा चुकी है।
