- REPORT BY:AAJ NATIONAL NEWS || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS DESK
लखनऊ। मोहनलालगंज कोतवाली में शनिवार को हुए थाना समाधान दिवस में DCP दक्षिणी अमित कुमार आनंद के सामने पुलिसिया मनमानी का मामला सामने आया। नगराम थाना क्षेत्र के पीड़ित महेश प्रसाद ने शिकायत की कि अवैध कब्जे की शिकायत करने पर पुलिस ने उल्टा उसे ही धमकाकर थाने ले जाने की कोशिश की। DCP ने मामले को गंभीर मानते हुए नगराम थानाध्यक्ष को तुरंत फोन कर निष्पक्ष कार्रवाई के आदेश दिए।
शिकायतकर्ता को धमकाया, आरोपी का काम चलता रहा
महेश प्रसाद, निवासी बिचलिका, थाना नगराम ने DCP को बताया कि उसके घर के सामने सार्वजनिक रास्ता और नाली है। विपक्षी नन्हे प्रसाद उसी नाली पर पक्का मकान बना रहा है। 8 जून को महेश ने नगराम पुलिस से शिकायत कर काम रुकवाने की मांग की। लेकिन 11 जून को थाने से 3 सिपाही महेश के घर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने आरोपी को रोकने की बजाय पीड़ित को ही उल्टा-सीधा कहकर धमकाया और विरोध पर जबरन थाने ले जाने लगे। ग्रामीणों के विरोध पर सिपाही चले गए। पुलिस की शह पाकर आरोपी ने मकान का निर्माण पूरा कर लिया।DCP अमित कुमार आनंद ने फौरन नगराम थाना प्रभारी को फोन कर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई का निर्देश दिया।
महिला की जमीन पर जबरन कब्जे की कोशिश
माधान दिवस में रानीखेड़ा मजरा पुरसेनी निवासी मालती ने भी शिकायत की कि उसने गांव के चौहान से प्लाट खरीदा था। चौहान का बेटा विनोद अब उसी प्लाट पर जबरन कब्जा कर रहा है और विरोध पर गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी दे रहा है। DCP ने इंस्पेक्टर बृजेश कुमार त्रिपाठी को जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए।
CM योगी के आदेश के बावजूद समाधान दिवस से नदारद रहे तहसील अफसर
CM योगी आदित्यनाथ के आदेश के बावजूद मोहनलालगंज तहसील के एसडीएम, तहसीलदार समेत कोई राजस्व अधिकारी समाधान दिवस में नहीं पहुंचा। निगोहां थाने में भी राजस्व विभाग के अधिकारी नहीं आए, सिर्फ राजस्वकर्मियों को भेजकर औपचारिकता निभाई गई। सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक चलने वाले समाधान दिवस में राजस्वकर्मी भी बीच में ही चले गए। राजस्व शिकायत लेकर आए फरियादियों को निराश होकर लौटना पड़ा। शिकायतकर्ताओं ने अधिकारियों की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताई।ACP R.K. सिंह और प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार त्रिपाठी भी समाधान दिवस में मौजूद रहे। DCP ने सभी फरियादियों की शिकायतें सुनकर तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए।
