– 6.29 लाख के राशन घोटाले में ईओडब्ल्यू नें की गिरफ्तारी
- REPORT BY:AAJ NATIONAL NEWS || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS DESK
लखनऊ।आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन (ईओडब्ल्यू ) को वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता मिली है।
ईओडब्ल्यू वाराणसी सेक्टर की टीम ने 22 साल पुराने ‘सम्पूर्ण ग्रामीण रोजगार योजना’ घोटाले में फरार चल रहे 2 कोटेदारों को उनके घर से दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मु0 अहमद पुत्र स्व0 करीमुल्ला खां, निवासी ग्राम हमजापुर, पोस्ट डेहरी, थाना सरपतहा, जौनपुर और लालबहादुर मौर्य पुत्र तेजबहादुर मौर्य, निवासी ग्राम शाहमऊ, थाना सरपतहा, विकास खण्ड सुईथाकला, जौनपुर के रूप में हुई है। गिरफ्तारी के समय दोनों तत्कालीन कोटेदार थे।ईओडब्ल्यू के मुताबिक,वर्ष 2004 से 2005 के बीच जौनपुर के विकास खण्ड मछलीशहर के विभिन्न गांवों में केंद्र व राज्य सरकार की ‘सम्पूर्ण ग्रामीण रोजगार योजना’ के तहत नाली, खड़ंजा, पटरी मरम्मत, मिट्टी कार्य, सीसी रोड और पुलिया निर्माण कराए जा रहे थे। योजना के अनुसार काम करने वाले मजदूरों को मजदूरी के बदले खाद्यान्न यानी चावल मिलना था।
जांच में सामने आया कि तत्कालीन कोटेदार मु0 अहमद और लालबहादुर मौर्य ने कार्य प्रभारी से मिलीभगत कर आपराधिक षड्यंत्र रचा। कार्य प्रभारी द्वारा बनाए गए फर्जी मस्टरोल के आधार पर फर्जी श्रमिकों को खाद्यान्न वितरण दिखाकर असली मजदूरों को अनाज नहीं दिया गया। कुल 89,869 किलोग्राम खाद्यान्न, जिसकी बाजार कीमत 6,29,083 रुपये थी, की कालाबाजारी कर सरकार को भारी क्षति पहुंचाई गई।इस संबंध में ईओडब्ल्यू वाराणसी सेक्टर नें धारा-409, 420, 467, 468, 471, 477ए, 120बी, 34 आईपीसी , थाना ईओडब्ल्यू वाराणसी में विवेचना चल रही है। संकलित साक्ष्यों के आधार पर कुल 11 आरोपियों के विरुद्ध आरोप प्रमाणित पाए गए हैं।पुलिस महानिदेशक ईओडब्ल्यू के निर्देश पर चल रहे गिरफ्तारी अभियान के तहत वांछित चल रहे मु0 अहमद और लालबहादुर मौर्य को थाना सरपतहा, जौनपुर स्थित उनके निवास स्थान से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद दोनों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा।ईओडब्ल्यू ने स्पष्ट किया है कि पुराने आर्थिक अपराधों में फरार अभियुक्तों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
