- REPORT BY:AAJ NATIONAL NEWS || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS DESK
उन्नाव:ट्रक जलकर खाक, जीजा-साली की मौत, मैनेजर का शव लटका मिला, ट्रेन से कटा युवक, CU समिट, संत हत्याकांड पर विहिप का ज्ञापन, बाढ़ मॉकड्रिल
1. नेशनल हाईवे पर चलते ट्रक में भीषण आग, फायर ब्रिगेड ने पाया काबू
गंगाघाट थाना क्षेत्र के कल्लूपुरवा NH पर गुरुवार शाम कानपुर से लखनऊ जा रहे ट्रक में अचानक आग लग गई। कल्लूपुरवा के पास धुआं उठा और पल भर में लपटों ने पूरे ट्रक को घेर लिया। जाजमऊ चौकी प्रभारी विनोद सिंह ने हाईवे पर ट्रैफिक रोककर सुरक्षा घेरा बनाया। दमकल की कई गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई। चालक-परिचालक समय रहते कूदकर बच गए, कोई जनहानि नहीं। प्रारंभिक आशंका शॉर्ट सर्किट की। ट्रक जलकर खाक।
2. ट्रक की टक्कर से जीजा-साली की मौत, नवाबगंज से पकड़ा गया चालक
पुरवा कोतवाली क्षेत्र में भादीहा गांव के पास गुरुवार सुबह 10 बजे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवारों को रौंद दिया। मृतकों की पहचान बिटोल 40 पत्नी रामकिशुन निवासी मंशाखेड़ा और प्रेम शंकर 55 पुत्र रामनरेश निवासी दिलीप शाह खेड़ा, रायबरेली के रूप में हुई। दोनों जीजा-साली थे। बैंक जाने निकले थे। टक्कर इतनी भीषण कि मौके पर मौत। मृतका 7 बच्चों की मां थी। पुलिस ने कुछ घंटों में नवाबगंज के पास से ट्रक व चालक को हिरासत में लिया। परिजनों ने कड़ी कार्रवाई व मुआवजे की मांग की।
3. सुपर हाउस ग्रुप मैनेजर का शव पेड़ से लटका मिला, सुसाइड की आशंका
सदर कोतवाली क्षेत्र के बेनीगंज नहर पटरी के पास सुपर हाउस लेदर कंपनी के कास्ट मैनेजर योगेंद्र सिंह 40 का शव शीशम के पेड़ से गमछे के फंदे पर लटका मिला। बाइक पेड़ के नीचे खड़ी थी। सीतापुर निवासी योगेंद्र बुधवार दोपहर “किसी से मिलने” कहकर पीडी नगर स्थित घर से निकले थे। देर रात तक न लौटने पर खोजबीन शुरू हुई। गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने शव देखा। पुलिस ने फोरेंसिक टीम बुलाई। थाना प्रभारी चंद्रकांत मिश्रा के मुताबिक प्रथम दृष्टया आत्महत्या लग रही है, पोस्टमार्टम व मोबाइल CDR से स्थिति साफ होगी। परिजनों ने अब तक तहरीर नहीं दी।
4. ट्रेन की चपेट में आकर युवक की मौत, 5 दिन पहले सूरत से लौटा था
दही थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर गुरुवार को ट्रेन की चपेट में आने से 26 वर्षीय अंजनी चौरासिया पुत्र हीराल की मौत हो गई। राजेपुर निवासी अंजनी सूरत की फैक्ट्री में काम करते थे और 5 दिन पहले ही घर आए थे। होम सिग्नल के पास ट्रेन की चपेट में आ गए। शव पोस्टमार्टम भेजा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल। पुलिस हादसा मानकर जांच कर रही है।
5. चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में CU स्कॉलर्स समिट-2026, मेधावियों को सम्मान
चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी UP में गुरुवार को CU स्कॉलर्स समिट-2026 आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा “शिक्षा राष्ट्र निर्माण की शक्ति है”। प्रदेश भर के मेधावी छात्रों को सम्मानित कर छात्रवृत्ति योजनाओं की जानकारी दी गई। शिक्षा, नवाचार और नेतृत्व पर विशेष चर्चा हुई। विवि प्रशासन ने आधुनिक तकनीक व उद्योग से जुड़ने के अवसर देने का भरोसा दिलाया। समापन “विकसित भारत” के संकल्प के साथ हुआ।
6. संत मिलनदास हत्याकांड की उच्चस्तरीय जांच की मांग, विहिप ने DM को सौंपा ज्ञापन
बांगरमऊ में 9 जून को संत मिलनदास की दिनदहाड़े चाकू मारकर हत्या के विरोध में विश्व हिंदू परिषद ने गुरुवार को DM घनश्याम मीना को CM को संबोधित ज्ञापन सौंपा। विहिप ने उच्चस्तरीय जांच व दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की। संगठन का आरोप: 2023 में भी हमला हुआ था पर कार्रवाई न होने से अपराधियों का मनोबल बढ़ा। विहिप ने कहा समयबद्ध कार्रवाई न हुई तो आंदोलन होगा। DM ने निष्पक्ष जांच व कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया।
7. गंगा तट आनंद घाट पर बाढ़ आपदा मॉकड्रिल, बचाव कार्यों का प्रदर्शन
आगामी मानसून को देखते हुए गुरुवार को गंगा तट आनंद घाट पर ADM वित्त सुशील कुमार गोंड के नेतृत्व में मॉकड्रिल हुई। NDRF, SDRF, PAC बाढ़ दल ने मोटरबोट से लोगों को निकालकर मिश्रा कॉलोनी में राहत शिविर स्थापित करने का प्रदर्शन किया। नाव पलटने, फैक्ट्री में आग, मेडिकल कैंप, ग्रीन कॉरिडोर आदि का लाइव डेमो हुआ। राजस्व, पुलिस, स्वास्थ्य, शिक्षा, जल निगम समेत 15 विभागों ने भाग लिया। ADM ने कहा: “समन्वय से ही जनहानि कम होगी।”
